Ranchi : रांची में लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। शुक्रवार को राज्य के मंत्री सुदिव्य कुमार ने कांके डैम, हटिया डैम, रजेंद्र सरोवर, जेल तालाब, मोरहाबादी तालाब और स्वर्णरेखा नदी सहित कई छठ घाटों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा और श्रद्धालुओं की आवाजाही की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी कार्य समय पर पूरे हों ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मंत्री ने कहा कि छठ पर्व झारखंड की सांस्कृतिक पहचान और लोक आस्था का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य है कि श्रद्धालु सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में पूजा कर सकें। उन्होंने निर्देश दिया कि हर घाट पर एनडीआरएफ और प्रशासनिक टीम तैनात रहे ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

मंत्री ने स्थानीय लोगों के सुझाव भी सुने और अधिकारियों को पेयजल, शौचालय और पार्किंग जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की आस्था का सम्मान करती है और इस बार राजधानी के सभी घाटों को भव्य रूप से तैयार किया जा रहा है।
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने बताया कि सभी घाटों पर सफाई, सड़क मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था का काम तेजी से चल रहा है। उम्मीद है कि इस बार रांची में छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की रिकॉर्ड भीड़ उमड़ेगी और पूरा शहर छठ मइया की भक्ति में डूब जाएगा।
Also Read : युवती को प्यार के नाम पर फंसाया, फोटो वायरल कर वसूली की कोशिश, दानिस गिरफ्तार…

