Bokaro : बोकारो पुलिस ने अपराध पर नकेल कसते हुए बड़ी कार्रवाई की है। नावाडीह थाना क्षेत्र के भेण्डरा बाराडीह गांव से दो युवकों को अवैध हथियार और जिंदा गोलियों के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में थे। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र निवासी सूरज कुम्हार और सागर कुमार रवानी के रूप में हुई है।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
जानकारी के अनुसार बोकारो एसपी नाथू सिंह मीना को गुप्त सूचना मिली थी कि भेण्डरा बाराडीह इलाके में दो युवक हथियार लेकर संदिग्ध हालत में घूम रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नावाडीह थाना पुलिस ने तत्काल एक टीम गठित की और ग्रामीणों के सहयोग से इलाके में छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों युवकों को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक अवैध पिस्टल और कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पिस्टल, सात गोलियां और स्कूटी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 7.65 एमएम मेड इन यूएसए देशी पिस्टल, सात जिंदा गोलियां तथा एक स्कूटी बरामद की है। बरामद हथियार और कारतूस को जब्त कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हथियार कहां से लाया गया था और इसका इस्तेमाल किस घटना में किया जाना था।
पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ धनबाद जिले के बरोरा थाना में पहले से मामले दर्ज हैं। पुलिस उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को भी खंगाल रही है।
मामला दर्ज, पूछताछ जारी
इस संबंध में नावाडीह थाना में कांड दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और संभावित आपराधिक साजिश से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सकता है।
Also Read : सूप-डलिया बेचकर लौट रहे बुजुर्ग को ट्रक ने रौंदा, गुस्साए लोगों लिया सड़क जाम

