अगर आप अपने बच्चे का पासपोर्ट बनवाने की तैयारी कर रहे हैं या जल्द ही अपना पासपोर्ट बनवाने वाले हैं, तो यह खबर आपके काम की है. विदेश मंत्रालय ने पासपोर्ट से जुड़े नियमों और फीस में बदलाव किया है. नए बदलावों में बच्चों के पासपोर्ट की वैलिडिटी के साथ-साथ अलग-अलग कैटेगरी के पासपोर्ट की फीस भी बढ़ाई गई है.
विदेश मंत्रालय की ओर से 17 सितंबर 2026 को जारी नए नियम के मुताबिक, अब 15 साल या उससे कम उम्र के बच्चे को जारी किया जाने वाला 36 पेज का पासपोर्ट 5 साल या बच्चे के 18 साल की उम्र तक, जो भी पहले हो, वैध रहेगा.
इस बदलाव को समझने के लिए एक उदाहरण लेते हैं. अगर किसी बच्चे की उम्र 15 साल है और वह पासपोर्ट बनवाता है, तो अब उसका पासपोर्ट 5 साल तक वैध रह सकता है, लेकिन अगर इस दौरान बच्चा 18 साल का हो जाता है, तो पासपोर्ट की वैलिडिटी वहीं खत्म हो जाएगी. यानी अब बच्चों के पासपोर्ट की वैलिडिटी को 18 साल की उम्र के साथ जोड़ा गया है. वैलिडिटी खत्म होने के बाद बच्चे को नया पासपोर्ट बनवाना होगा.
पासपोर्ट बनवाना अब महंगा
वैलिडिटी में बदलाव के साथ पासपोर्ट की फीस में भी बढ़ोतरी की गई है. बच्चों के 36 पेज वाले पासपोर्ट की सामान्य फीस अब ₹1,750 होगी. पहले इसके लिए ₹1,000 देने पड़ते थे. वहीं, 36 पेज के बच्चे के तत्काल पासपोर्ट की फीस भी बढ़ाई गई है. पहले जहां ₹3,000 फीस थी, अब इसके लिए ₹4,250 देने होंगे.
वयस्कों के पासपोर्ट की फीस भी बढ़ी
नए बदलाव सिर्फ बच्चों तक सीमित नहीं हैं. वयस्कों के पासपोर्ट की फीस में भी इजाफा किया गया है. 36 पेज वाले सामान्य पासपोर्ट के लिए अब ₹2,500 देने होंगे. पहले इसकी फीस ₹1,500 थी. वहीं 36 पेज वाले तत्काल पासपोर्ट के लिएअब ₹5,000 फीस तय की गई है, जबकि पहले ₹3,500 देने पड़ते थे.
60 पेज के लिए कितनी होगी फीस?
अगर कोई 18 साल से ऊपर वाला व्यक्ति 60 पेज वाला पासपोर्ट बनवाता है कि तो उसे ₹3500 देने होंगे, जो पहले 2000 थे. वहीं 60 पेज वाले तत्काल पासपोर्ट की नई फीस ₹6000 होगी जो पहले सिर्फ ₹4000 थी. इसके अलावा डुप्लीकेट पासपोर्ट बनवाने की फीस में भी इजाफा किया गया है. इसे ₹5500 से बढ़ाकर ₹8500 कर दिया गया है.
Also Read : 20 साल पहले आज ही के दिन देश के पहले निर्दलीय CM बने थे मधु कोड़ा

