Hazaribagh : हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 24 घंटे के भीतर तीन मरीजों की मौत के बाद माहौल गरमा गया। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही और समय पर सुविधा नहीं मिलने का आरोप लगाया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा। मृतकों के परिजनों का कहना है कि मरीजों को समय पर सही इलाज नहीं मिला। कुछ परिजनों ने ऑक्सीजन की कमी और डॉक्टरों की लापरवाही का भी आरोप लगाया। आरोप है कि हालत बिगड़ने के बावजूद मरीजों को गंभीरता से नहीं लिया गया, जिसकी वजह से उनकी जान चली गई। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजन अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे। कई लोगों ने कहा कि सरकारी अस्पतालों में अब भी बुनियादी सुविधाओं की कमी बनी हुई है और इसका खामियाजा मरीजों को भुगतना पड़ रहा है।
अस्पताल परिसर में हुआ हंगामा
तीनों मौतों की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच गए। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा किया और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए। मौके पर मौजूद लोगों ने अस्पताल प्रशासन से जवाब मांगा। स्थिति को संभालने के लिए अस्पताल कर्मियों और स्थानीय प्रशासन को बीच-बचाव करना पड़ा। घटना के बाद मामले की जांच की मांग तेज हो गई है। परिजनों का कहना है कि अगर समय पर इलाज मिलता तो शायद मरीजों की जान बच सकती थी। वहीं अस्पताल प्रबंधन की ओर से पूरे मामले की जांच की बात कही जा रही है। यह पहली बार नहीं है जब मेडिकल कॉलेज अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठे हों। इससे पहले भी इलाज में लापरवाही और मरीजों को समय पर सुविधा नहीं मिलने के आरोप लगते रहे हैं। ऐसे में लगातार हो रही घटनाओं ने सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था को फिर कटघरे में खड़ा कर दिया है।
Also Read : झारखंड में 17-18 मई को तेज आंधी और बारिश की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट


