Johar Live Desk : ओडिशा के झारसुगुड़ा सदर पुलिस स्टेशन के सामने रविवार सुबह दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस की PCR वैन को आमने-सामने टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में मौके पर ही पांच पुलिसकर्मी शहीद हो गए, जबकि दो बेतरह जख्मी हो गए।
ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर
सूत्रों के मुताबिक, सुबह की ताजी धूप में उल्टी दिशा से आ रहा ट्रक अचानक पुलिस की बोलेरो वैन से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस वैन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे। घायलों को झारसुगुड़ा से जिला मुख्यालय के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शहीद पुलिसकर्मी और जख्मी
पुलिस की इस हादसे में पांच लोग शहीद हो गए। इनमें होम गार्ड भक्त मिर्धा, कॉन्स्टेबल काशीराम भोई, देवदत्त साहा, हवलदार लिंगराज धुरुआ और डीएसआई निरंजन कुजूर शामिल हैं। इसके अलावा दो अन्य पुलिसकर्मियों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें पहले बुर्ला और फिर बरगढ़ मेडिकल कॉलेज में शिफ्ट किया गया। डॉक्टरों का कहना है कि उनकी हालत स्थिर है।
ट्रक ड्राइवर हिरासत में, वरिष्ठ अधिकारी मौके पर
हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर को तुरंत हिरासत में ले लिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रहे हैं और जांच जारी है। झारसुगुड़ा की एडिशनल एसपी मधुसिक्ता मिश्रा ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है और हादसे की जांच की जा रही है।
विधायक और प्रशासन की प्रतिक्रिया
झारसुगुड़ा के विधायक टंकधर त्रिपाठी ने कहा, “आज एक बुरी और दिल दहला देने वाली घटना हुई। पांच पुलिसकर्मी एक साथ इस हादसे में शहीद हो गए। हम सब इससे सदमे में हैं। केंद्र सरकार ने एनएच-49 को चौड़ा करने के लिए फंड मंजूर कर दिया है। इस पर जल्द ही काम शुरू होगा। मुख्यमंत्री को भी इस घटना की जानकारी है।”
Also Read : देवघर पहुंचे गौतम अडानी, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच की विशेष पूजा


