Patna : बिहार में चल रही वोटर अधिकार यात्रा अब धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही है। इस यात्रा को 28 अगस्त को और ताकत मिलने की उम्मीद है, जब समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इसमें शामिल होंगे। वे सीतामढ़ी में इंडिया गठबंधन के नेताओं के साथ इस अभियान में भाग लेंगे। इस बात की जानकारी कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर दी है।
इस जन आंदोलन की अगुवाई लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, तेजस्वी यादव और अन्य विपक्षी नेता कर रहे हैं। अखिलेश यादव के जुड़ने से इसे और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
यात्रा के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बिहार सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर सभी जरूरी तैयारियां कर ली हैं। यात्रा के मार्ग पर सुरक्षा बल तैनात रहेंगे और चिन्हित घरों की छतों पर भी पुलिस निगरानी रखेगी। साथ ही फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग और अन्य जरूरी सेवाएं भी मौके पर उपलब्ध रहेंगी।
मुंगेर के डीएम निखिल धनराज ने बताया कि राहुल गांधी की यात्रा को लेकर प्रोटोकॉल के तहत सारी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे राहुल गांधी हेमजापुर पहुंचेंगे, जहां उनका आधे घंटे का कार्यक्रम है। इसके बाद वे हसनगंज लाल खां के पास रात्रि विश्राम करेंगे। प्रशासन ने वहां सुरक्षा और बैरिकेडिंग की पूरी व्यवस्था की है।
Also Read : संसद के मॉनसून सत्र का आज आखिरी दिन, महत्वपूर्ण विधेयकों पर होगी चर्चा