Chakradharpur/Rourkela : नक्सलियों ने ओडिशा के रॉक्सी और रेंगड़ा रेलवे स्टेशन के बीच बीती देर रात रेल पटरी को विस्फोट कर क्षतिग्रस्त कर दिया, जिससे करमपदा-राउरकेला रेल खंड पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। इस घटना के बाद नक्सलियों ने रेल लाइन पर बैनर और झंडे लगाए, जिसमें पुलिसिया दमन के खिलाफ जन प्रतिरोध का आह्वान किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह 6 से 6:30 बजे के बीच नक्सलियों ने झारखंड-ओडिशा सीमा पर स्थित सारंडा के घने जंगलों में आईईडी विस्फोट किया। इस विस्फोट की आवाज दूर तक सुनाई दी और रेल पटरी को भारी नुकसान पहुंचा। रेलवे विभाग ने तत्काल प्रभाव से इस रूट पर मालगाड़ी सहित सभी रेल सेवाएं रोक दी हैं। हालांकि, इस रेल खंड पर यात्री ट्रेनों का परिचालन नहीं होता है।
24 घंटे का भारत बंद प्रभावी
भाकपा-माओवादी संगठनों ने झारखंड, ओडिशा, बिहार, छत्तीसगढ़ और पश्चिम बंगाल में 24 घंटे के भारत बंद का आह्वान किया है, जो बीती रात 12 बजे से शुरू हो चुका है। बंद के समर्थन में नक्सलियों ने क्षेत्र में पर्चे और पोस्टर छोड़े हैं, जिसमें ‘पुलिसिया दमन’ के खिलाफ जनता से प्रतिरोध की अपील की गई है।
सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर
घटना की सूचना मिलते ही झारखंड और ओडिशा पुलिस ने सभी जिलों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। नक्सल प्रभावित सारंडा क्षेत्र में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है। झारखंड-ओडिशा सीमा पर भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। चक्रधरपुर रेल मंडल ने भी एहतियातन रेल यातायात को पूरी तरह रोक दिया है और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
बंद का असर
पश्चिमी सिंहभूम जिले में चाईबासा और चक्रधरपुर शहरों को छोड़कर अन्य क्षेत्रों में नक्सली बंद का व्यापक असर देखा जा रहा है। रेलवे और स्थानीय प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जल्द से जल्द रेल सेवा बहाल करने की कोशिश कर रहा है।
Also Read : गुमला में कई थाना प्रभारी इधर से उधर, देखें सूची