Ranchi : झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की वापसी शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3-4 दिनों में मॉनसून पूरी तरह लौट सकता है। उत्तर-पूर्वी झारखंड और आसपास के इलाकों में ऊपरी चक्रवात के कारण हल्के बादल छाए हुए हैं। पिछले 24 घंटों में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई, जिसमें धनबाद के गोविंदपुर में सबसे ज्यादा 108 मिमी बारिश दर्ज की गई।
तापमान में बदलाव
राज्य में सबसे अधिक तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस पाकुड़ में और सबसे कम 18.7 डिग्री लातेहार में दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि कुछ इलाकों में दिन का तापमान 2 से 4 डिग्री बढ़ा है, जबकि बाकी जगहों पर तापमान सामान्य है। अगले कुछ दिनों में मौसम में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन आज कई इलाकों में 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाओं की संभावना है।
आने वाले दिनों का मौसम
9 से 11 अक्टूबर तक मौसम शुष्क रहेगा, जबकि 12 और 13 अक्टूबर को आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। अगले 5 दिनों (7-11 अक्टूबर) में तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।

- देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज: अधिकतम तापमान 30-33 डिग्री, न्यूनतम 22-25 डिग्री।
- कोडरमा, पलामू, लातेहार: दिन का तापमान 27-28 डिग्री, रात का तापमान 19 डिग्री तक गिर सकता है।
- रांची, हजारीबाग, बोकारो, रामगढ़: अधिकतम तापमान 29-30 डिग्री, न्यूनतम 18-22 डिग्री।
- पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा: तापमान स्थिर रहेगा।
122% अधिक बारिश
इस बार झारखंड में मॉनसून ने जमकर बारिश कराई। सामान्य 29.1 मिमी बारिश की तुलना में 64.5 मिमी बारिश हुई, जो 122% अधिक है। गढ़वा में 280%, पूर्वी सिंहभूम में 279%, और लातेहार में 232% अधिक बारिश दर्ज की गई। बोकारो, धनबाद, पलामू और कोडरमा में भी सामान्य से 180% ज्यादा बारिश हुई। हालांकि, गोड्डा में केवल 37.6 मिमी और पश्चिमी सिंहभूम में 16.1 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से काफी कम है।
Also Read : रांची के सभी अंचलों में लगा जनता दरबार, कई मामलों का मौके पर निपटारा…