Ranchi : झारखंड में मॉनसून ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर और मॉनसून ट्रफ के प्रभाव से रांची सहित राज्य के कई हिस्सों में रात से लगातार बारिश हो रही है। अगले तीन दिनों तक मॉनसून के सक्रिय रहने की संभावना है, जिसके चलते कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जहां भारी बारिश की संभावना है। वहीं, रांची, खूंटी, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। रविवार को भी पलामू और रांची में बारिश का यलो अलर्ट रहेगा। इस दौरान 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा।
विशेष रूप से चतरा, हजारीबाग और रामगढ़ में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, मॉनसून ट्रफ समुद्र तल से 1.5 किमी ऊपर तक फैला हुआ है, जिसके कारण 14 जिलों—रांची, धनबाद, बोकारो, जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा, साहिबगंज, कोडरमा, हजारीबाग, चतरा और रामगढ़—में भारी बारिश की आशंका है।
शुक्रवार से रांची, धनबाद और खूंटी में गरज-चमक के साथ तेज बारिश ने शहरों की रफ्तार को थाम दिया। सड़कों पर जलभराव और निचले इलाकों में जलप्रलय जैसे हालात बन गए। मौसम विभाग ने 24 अगस्त तक ऐसी स्थिति बने रहने और बिजली गिरने के खतरे की चेतावनी दी है। लोगों से सावधानी बरतने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।
25 अगस्त को पश्चिमी और मध्य क्षेत्रों में फिर से भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने नागरिकों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
Also Read : BREAKING : झारखंड ATS की टीम खूंखार मयंक को लेकर पहुंची रांची, कोर्ट में होगी पेशी