Jamtara : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, जामताड़ा में मंगलवार को विशेष प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा नेताओं ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए इसे सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को समर्पित कार्यकाल बताया।
12 वर्षों में देश ने विकास की नई ऊंचाइयां छुईं
भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में मोदी सरकार ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प को धरातल पर उतारने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, किसान सम्मान निधि, हर घर जल, डिजिटल इंडिया और स्वच्छ भारत अभियान जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत, आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है।
नव मतदाताओं को पुराने दौर की जानकारी देना जरूरी
सुमित शरण ने कहा कि जब वर्ष 2014 में मोदी सरकार सत्ता में आई थी, तब आज के कई नव मतदाता छोटे बच्चे थे। उन्होंने हमेशा एक स्थिर और मजबूत सरकार को ही देखा है। ऐसे में नई पीढ़ी को यह बताने की आवश्यकता है कि मोदी सरकार से पहले देश में आतंकवादी हमले, नक्सली हिंसा और सीमा विवाद जैसी चुनौतियां अधिक थीं। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार के कार्यकाल में इन समस्याओं में काफी कमी आई है।
जनविश्वास और पारदर्शिता की सरकार : अभय कुमार सिंह
भाजपा जिला महामंत्री अभय कुमार सिंह ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष जनविश्वास, पारदर्शिता और निर्णायक नेतृत्व के प्रतीक रहे हैं। केंद्र सरकार ने भ्रष्टाचार पर नियंत्रण, गरीबों के सशक्तिकरण और युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध कराने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा, आर्थिक विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, जिसका लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है।
गांव, गरीब, किसान और युवाओं को मिला लाभ
जिला महामंत्री कमलेश मंडल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गांव, गरीब, किसान, महिला और युवा विकास की मुख्यधारा से जुड़े हैं। सड़क, रेल और डिजिटल कनेक्टिविटी के विस्तार के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सरकार की बड़ी उपलब्धियों में शामिल है। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
जिले भर में चलाए जाएंगे जनसंपर्क कार्यक्रम
भाजपा नेताओं ने बताया कि मोदी सरकार के 12 वर्ष केवल उपलब्धियों का उत्सव नहीं हैं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव भी हैं। आगामी दिनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यक्रम आयोजित कर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाई जाएगी।
Also Read : ठनका की चपेट में आये आम चुनने गये बच्चे, बच्ची की मौ’त, किशोर की हालत गंभीर

