
Palamu : झारखंड के पलामू जिले के बाल सुधार गृह में शुक्रवार को एक नाबालिग लड़के की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लड़के ने आत्महत्या की है। घटना की सूचना मिलते ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) की टीम और वरिष्ठ अधिकारी बाल सुधार गृह पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
पोक्सो मामले में था बंद
मृतक गढ़वा जिले के रंका इलाके का रहने वाला था और पोक्सो एक्ट के तहत 8 जुलाई से पलामू बाल सुधार गृह में बंद था। गढ़वा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पहले जेल भेजा था, लेकिन बाद में उसे नाबालिग घोषित कर बाल सुधार गृह स्थानांतरित किया गया था।
बाथरूम में मिली बॉडी
पलामू SP रीष्मा रमेशन ने बताया कि सुधार गृह में बंद अन्य बच्चों ने बाथरूम में लड़के की डेड बॉडी देखी और अधिकारियों को सूचना दी। अधिकारियों ने तुरंत उसे मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुधार गृह में वर्तमान में पलामू, गढ़वा, लातेहार और अन्य जिलों के 35 बच्चे बंद हैं।
मजिस्ट्रेट जांच के आदेश
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष शैलेंद्र चतुर्वेदी ने कहा कि पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि लड़के को गढ़वा के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था और बाद में उसे बाल सुधार गृह भेजा गया था।
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की जानकारी मिलते ही DLSA सचिव राकेश रंजन, बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष शैलेंद्र चतुर्वेदी, जिला सामाजिक सुरक्षा सहायक निदेशक नीरज कुमार, समिति के सदस्य अमरदीप बल्होत्रा, सदर प्रखंड विकास पदाधिकारी जागो महतो और टाउन थाना प्रभारी ज्योतिलाल रजवार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।