Ranchi : रांची रेलवे सुरक्षा बल और फ्लाइंग टीम ने 17 दिसंबर 2025 को रांची रेलवे स्टेशन पर विशेष जांच अभियान चलाकर 14 किलोग्राम गांजा बरामद किया। यह कार्रवाई ऑपरेशन NARCOS के तहत की गई सतर्कता का परिणाम है।
जांच के दौरान ट्रेन संख्या 15027 के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर कोच S-3 की तलाशी ली गई। इस दौरान तीन संदिग्धों के पास तीन बैग संदिग्ध स्थिति में पाए गए। पूछताछ में तीनों ने बैग अपने होने की बात स्वीकार की, लेकिन उनमें रखे सामान के बारे में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। बाद में एक व्यक्ति ने बैग में गांजा होने की बात स्वीकार की।
तत्पश्चात कमांडर रांची के निर्देश पर तीनों को उनके बैग सहित प्लेटफॉर्म पर रोका गया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी के सुपुर्द कर दिया गया। डीडी टेस्ट किट से गांजा होने की पुष्टि हुई, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख रुपए बताई गई है।
इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में रेलवे सुरक्षा बल और फ्लाइंग टीम के अधिकारियों व स्टाफ ने उत्कृष्ट काम किया, जिससे मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने में बड़ी सफलता मिली।
Also Read : फॉरेंसिक जांच तेज : सीएम ने 34 मोबाइल लैब गाड़ियां रवाना की


