Khunti : झारखंड के खूंटी जिला में अब आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। DC सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर जिले के सभी प्रखंड-सह-अंचल कार्यालयों में हर मंगलवार को लोक शिकायत निवारण कार्यक्रम यानी जन सुनवाई आयोजित की जाएगी। अगर किसी दिन अवकाश रहेगा, तो यह कार्यक्रम अगले कार्य दिवस पर होगा।
प्रखंड स्तर पर ही मिलेगा समाधान
इस फैसले का मकसद साफ है-लोगों की समस्याओं का निपटारा उनके नजदीक ही हो सके। अब छोटी-बड़ी शिकायतों के लिए जिला मुख्यालय जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ज्यादातर मामलों का समाधान प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और अंचल अधिकारी (CO) स्तर पर ही संभव होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है, ताकि काम तेजी और प्रभावी तरीके से हो सके।
आम लोगों से अपील
DC ने जिले के लोगों से अपील की है कि वे हर मंगलवार को अपने संबंधित प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय में पहुंचकर जन सुनवाई में भाग लें। उन्होंने कहा कि इससे लोगों का समय और पैसा दोनों बचेगा, और स्थानीय स्तर पर ही समस्याओं का जल्दी समाधान हो सकेगा।
अधिकारियों की मौजूदगी में होगी सुनवाई
जन सुनवाई के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और संबंधित थाना प्रभारी भी मौजूद रहेंगे। इससे जमीन विवाद, कानून-व्यवस्था या अन्य प्रशासनिक मामलों का मौके पर ही समाधान किया जा सकेगा। साथ ही, हर शिकायत और उसके निस्तारण की रिपोर्ट समय पर जमा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पूरे सिस्टम की निगरानी ठीक से हो सके।
जिला स्तर पर भी जारी रहेगी व्यवस्था
प्रखंड स्तर के अलावा जिला स्तर पर भी जन सुनवाई जारी रहेगी। समाहरणालय, खूंटी में हर सोमवार और शुक्रवार को सुबह 11 बजे से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। अगर किसी की समस्या प्रखंड या अंचल स्तर पर हल नहीं होती है, तो वह जिला स्तर पर सीधे DC के सामने अपनी बात रख सकता है।
Also Read : फोन कर बुलाया, फिर उतार दिया मौ’त के घाट… मरने से पहले मोबाइल में रिकॉर्ड किया ह’त्यारों के नाम


