Garhwa : मझिआंव अंचल के अंचल अधिकारी प्रमोद कुमार को सरकार ने गंभीर आरोपों के चलते निलंबित कर दिया है। उन पर कार्यालय में शराब पीकर लोगों से दुर्व्यवहार और अभद्र व्यवहार करने का आरोप है। भू-राजस्व विभाग की अनुशंसा पर कार्मिक विभाग ने निलंबन की अधिसूचना जारी कर दी है। गढ़वा उपायुक्त ने 25 अक्टूबर को ही राज्य सरकार को भेजे गए आरोप पत्र में लिखा था कि सीओ प्रमोद कुमार ने कार्यालय समय में शराब सेवन किया, कार्यालय में आए लोगों से मारपीट व गाली-गलौज की और पैसे का लेनदेन भी किया। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों से समन्वय की कमी और अनुशासनहीनता की शिकायतें भी मिली थीं। मामले को गंभीर मानते हुए सरकार ने तत्काल प्रभाव से उन्हें निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय दक्षिण छोटानागपुर प्रमंडलीय आयुक्त कार्यालय, रांची निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा।

पत्नी ने भी लगाये अवैध संबंध के आरोप
गढ़वा जिले के मझिआंव अंचल के सर्किल अधिकारी (CO) प्रमोद कुमार पर उनकी पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्नी के आवेदन पर मझिआंव थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। इसकी पुष्टि गढ़वा SDPO नीरज कुमार ने की है। पत्नी ने पुलिस को दिए आवेदन में लिखा है कि उनके पति प्रमोद कुमार उन पर 50 लाख रुपये दहेज के रूप में देने का दबाव बना रहे थे। FIR में उन्होंने CO पर कई महिलाओं से अवैध संबंध रखने का आरोप भी लगाया है।
महिला ने बताया कि 1 नवंबर 2025 को उन्हें सूचना मिली कि उनके पति सरकारी आवास में लातेहार जिले की चंदवा थाना क्षेत्र की एक लड़की के साथ रह रहे हैं। सूचना मिलने पर वे अपने चचेरे भाई रोशन और ममेरे भाई राजा के साथ वहां पहुंचीं। उनके अनुसार, कमरे में उन्होंने अपने पति और उस लड़की को आपत्तिजनक स्थिति में बेड पर लेटे हुए देखा। इसके बाद उन्होंने कमरे को बाहर से बंद कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़की को हिरासत में लेकर महिला थाना गढ़वा भेज दिया।

पत्नी ने अपने आवेदन में यह भी कहा है कि शादी के समय पिता द्वारा दिए गए 100 ग्राम सोने के गहने उनके पति ने रख लिए हैं और वापस नहीं कर रहे। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि जिस लड़की को पकड़ा गया, वह आर्केस्ट्रा में काम करती है।
Also Read : WPL 2026 : RCB के हेड कोच बदले, अब मालोलन रंगराजन संभालेंगे कमान

