Garhwa : गढ़वा जिले के मझिआंव अंचल के सर्किल अधिकारी (CO) प्रमोद कुमार पर उनकी पत्नी ने गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्नी के आवेदन पर मझिआंव थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। इसकी पुष्टि गढ़वा SDPO नीरज कुमार ने की है। पत्नी ने पुलिस को दिए आवेदन में लिखा है कि उनके पति प्रमोद कुमार उन पर 50 लाख रुपये दहेज के रूप में देने का दबाव बना रहे थे। FIR में उन्होंने CO पर कई महिलाओं से अवैध संबंध रखने का आरोप भी लगाया है।
महिला ने बताया कि 1 नवंबर 2025 को उन्हें सूचना मिली कि उनके पति सरकारी आवास में लातेहार जिले की चंदवा थाना क्षेत्र की एक लड़की के साथ रह रहे हैं। सूचना मिलने पर वे अपने चचेरे भाई रोशन और ममेरे भाई राजा के साथ वहां पहुंचीं। उनके अनुसार, कमरे में उन्होंने अपने पति और उस लड़की को आपत्तिजनक स्थिति में बेड पर लेटे हुए देखा। इसके बाद उन्होंने कमरे को बाहर से बंद कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लड़की को हिरासत में लेकर महिला थाना गढ़वा भेज दिया।
पत्नी ने अपने आवेदन में यह भी कहा है कि CO अक्सर शराब के नशे में रहते हैं, भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और बिना घूस लिए कोई काम नहीं करते। उन्होंने यह भी बताया कि शादी के समय पिता द्वारा दिए गए 100 ग्राम सोने के गहने उनके पति ने रख लिए हैं और वापस नहीं कर रहे। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि जिस लड़की को पकड़ा गया, वह आर्केस्ट्रा में काम करती है।

इधर, आरोपों के बाद झारखंड सरकार ने CO प्रमोद कुमार को निलंबित कर दिया है। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। CO को झारखंड सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2016 के नियम 9(1)(क) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

Also Read : WPL 2026 : RCB के हेड कोच बदले, अब मालोलन रंगराजन संभालेंगे कमान

