Ranchi : जेपीएससी यानी झारखंड लोक सेवा आयोग ने सिविल जज (जूनियर डिवीजन) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2023 का संशोधित परिणाम जारी कर दिया है। यह परिणाम सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद तैयार की गई संशोधित आंसर-की के आधार पर प्रकाशित किया गया है। अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं।
आयोग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 10 मार्च 2024 को आयोजित सिविल जज (जूनियर डिवीजन) प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा (विज्ञापन संख्या-22/2023) का संशोधित परीक्षाफल सुप्रीम कोर्ट में लंबित एसएलपी (सिविल) संख्या-21079/2025 और अन्य संबंधित मामलों में 9 फरवरी 2026 को पारित आदेश के आलोक में तैयार किया गया है। बताया गया है कि कोर्ट के निर्देश के बाद परीक्षा की उत्तर कुंजी में आवश्यक संशोधन किए गए। इसके बाद नई आंसर-की के आधार पर परिणाम तैयार कर आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है।
जेपीएससी ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि परिणाम में किसी प्रकार की त्रुटि या टंकण संबंधी गलती सामने आती है तो उसमें सुधार करने का अधिकार आयोग के पास सुरक्षित रहेगा।
हाईकोर्ट में लंबित मामलों के फैसले पर निर्भर करेगी आगे की प्रक्रिया
आयोग ने कहा है कि यह परीक्षा और उसका परिणाम झारखंड हाईकोर्ट में लंबित विभिन्न मामलों के अंतिम निर्णय से प्रभावित होगा। इनमें सिविल रिव्यू (फाइलिंग) संख्या-1736/2026, डब्ल्यूपी (एस) संख्या-6602/2024 में सुलोचना कुमारी बनाम झारखंड राज्य एवं अन्य, डब्ल्यूपी (एस) संख्या-169/2025 में रामेश्वर सिंह बनाम झारखंड राज्य एवं अन्य समेत अन्य समरूप मामले शामिल हैं। ऐसे में अभ्यर्थियों को आगे की प्रक्रिया और न्यायालय से जुड़े अपडेट के लिए आयोग की वेबसाइट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
वेबसाइट पर उपलब्ध है प्रेस विज्ञप्ति
जेपीएससी ने बताया कि संशोधित परिणाम के साथ प्रेस विज्ञप्ति भी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है, जहां अभ्यर्थी विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
Also Read : हजारीबाग में रेलवे पुल के नीचे मिली महिला की लाश, इलाके में सनसनी


