Ranchi : झारखंड में ठंड एक बार फिर जोर पकड़ने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, आज से न्यूनतम तापमान में 4 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की जा सकती है। रांची मौसम केंद्र ने बताया कि राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान आज 10 से 11 डिग्री के बीच रहेगा, जबकि 24 घंटे पहले यह 15 से 16 डिग्री था। ऐसे में प्रदेश में एक बार फिर कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होने की संभावना है, जिसके लिए विभाग ने अलर्ट जारी किया है।
किन जिलों में बढ़ेगी सर्दी?
पलामू, कोडरमा, चतरा, गढ़वा, लातेहार और लोहरदगा जिलों में आज भारी ठंड पड़ सकती है। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 9 से 10 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। सुबह तेज शीतलहर, दोपहर में कंपकपाने वाली हवाएं और शाम को घना कोहरा लोगों को हिमालय जैसी ठंड का अहसास करा सकता है।
प्रमुख शहरों का तापमान और AQI
मंगलवार के आंकड़ों के अनुसार झारखंड के प्रमुख शहरों में तापमान के साथ वायु गुणवत्ता में भी गिरावट दर्ज की गई है। रांची में अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री रहा, जबकि शहर का AQI 257 दर्ज किया गया। जमशेदपुर में तापमान 28 और 13 डिग्री रहा तथा इसका AQI 276 तक पहुंच गया, जो राज्य के सबसे प्रदूषित स्तरों में शामिल रहा। धनबाद में 27/12 डिग्री तापमान के साथ AQI 220, बोकारो में 26/12 डिग्री तापमान और AQI 190, वहीं पलामू में 27/10 डिग्री तापमान और AQI 180 रिकॉर्ड किया गया। यह साफ संकेत है कि तापमान घटने के साथ कई शहरों में वायु प्रदूषण भी खतरनाक स्तर तक बढ़ गया है।

दोपहर में भी नहीं मिलेगी राहत
ठंड से राहत सिर्फ बताए गए जिलों तक सीमित नहीं होगी, बल्कि राज्य के अन्य जिलों में भी न्यूनतम तापमान 11 से 12 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान भी गिरकर 25 से 26 डिग्री तक पहुंच सकता है, जिससे दोपहर में भी गर्माहट महसूस नहीं होगी।
अब लगातार गिरेगा तापमान
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान लगातार गिरता रहेगा। बीच में 4-5 दिनों की हल्की गर्माहट जरूर मिली थी, लेकिन अब फिर से ठंड बढ़ेगी। हिमालय क्षेत्र में शुरू हुई भारी बर्फबारी और ला नीना का असर झारखंड में ठंडी हवाओं के रूप में महसूस किया जा रहा है।
Also Read : भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच के लिए ऑफलाइन टिकट बिक्री आज से शुरू

