Ranchi : झारखंड प्रदेश राजद प्रवक्ता कैलाश यादव ने बताया कि बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र झारखंड राजद के तमाम वरिष्ठ नेता छठ पर्व के बाद बिहार जाकर क्षेत्रवार चुनावी कैंप और प्रचार अभियान चलाएंगे।
उन्होंने कहा कि पार्टी के कई नेता पहले से ही बिहार के विभिन्न क्षेत्रों में प्रचार कार्य में जुटे हैं। इनमें झारखंड सरकार के मंत्री संजय प्रसाद यादव, प्रदेश अध्यक्ष सह विधायक संजय सिंह यादव, पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता, वरिष्ठ नेता गौतम सागर राणा और अन्य कई संगठन पदाधिकारी शामिल हैं।
कैलाश यादव ने कहा कि “झारखंड और बिहार दोनों सहोदर भाई जैसे हैं। एकीकृत बिहार के समय राजद की मजबूत उपस्थिति रही है और अलग राज्य बनने के बाद भी पार्टी ने झारखंड को कभी अछूता नहीं रखा।”

उन्होंने आगे कहा कि राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव हमेशा झारखंड में धर्मनिरपेक्ष विचारधारा को मज़बूत करने और भाजपा जैसी सांप्रदायिक शक्तियों को रोकने के लिए सक्रिय रहे हैं।
तेजस्वी यादव को इंडिया गठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद झारखंड राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है। सभी नेता बिहार जाकर गठबंधन को मज़बूत करने के लिए तत्पर हैं।
ज्ञात हो कि बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में होने हैं पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर को। झारखंड से जाने वाले अधिकांश नेता दूसरे चरण की वोटिंग तक बिहार में रहेंगे।
कैलाश यादव ने कहा कि झारखंड के लाखों लोग जिनकी पारिवारिक जड़ें बिहार से जुड़ी हैं, वे इस चुनाव में राजद और गठबंधन उम्मीदवारों को पूरा समर्थन देंगे।

