Ranchi : बिहार विधानसभा आम चुनाव-2025 निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में संपन्न हो, इसको लेकर झारखंड पुलिस ने भी तैयारियां तेज कर दी है। इसी क्रम में आज यानी शनिवार को आईजी अभियान सह स्टेट पुलिस नोडल पदाधिकारी डॉ माईकलराज एस. की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में झारखंड राज्य के बिहार से सटे सीमावर्ती जिलों… हजारीबाग, गढ़वा, चतरा, गिरिडीह, गोड्डा, पलामू, कोडरमा, देवघर, साहेबगंज और दुमका के एसपी शामिल हुए।
आईजी अभियान डॉ. माईकलराज एस. ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिहार चुनाव के दौरान सीमावर्ती इलाकों में कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इन इलाकों में अपराधियों, असामाजिक तत्वों और नक्सलियों पर सख्त निगरानी रखी जाए तथा अवैध शराब, मादक पदार्थ, हथियार और नकदी के अवैध परिवहन पर पूरी तरह रोक लगाई जाए।
उन्होंने अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट और मिरर चेक पोस्टों की सक्रियता की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी पोस्टों पर चौकसी बढ़ाई जाए और आने-जाने वाले वाहनों की सघन जांच हो। इसके साथ ही बिहार और झारखंड पुलिस के बीच सूचना साझाकरण प्रणाली को और मजबूत करने का निर्देश दिया, ताकि अंतर्राज्यीय अपराधियों, वारंटियों और हिस्ट्रीशीटरों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की जा सके।

आईजी अभियान ने यह भी कहा कि सक्रिय आपराधिक गिरोहों और उनके सरगनाओं पर संयुक्त कार्रवाई की जाए, विशेष रूप से ऐसे अपराधियों पर जो बिहार में वांछित हैं लेकिन झारखंड में शरण लिए हुए हैं। उन्होंने सभी एसपी से कहा कि पुलिस और सुरक्षा बलों का समन्वय बनाकर निरंतर सर्च अभियान और गश्ती सुनिश्चित की जाए।
बैठक में बोकारो के प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक सुनिल भाष्कर, डीआईजी जंगलवार फेयर स्कूल नेतरहाट-सह-चुनाव कोषांग धनंजय कुमार सिंह सहित सभी सीमावर्ती जिलों के एसपी उपस्थित रहे। बैठक के अंत में आईजी अभियान ने स्पष्ट कहा कि झारखंड पुलिस बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान हर प्रकार की सुरक्षा चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि जनता का भरोसा बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
Also Read : चाईबासा में नक्सलियों को तगड़ा झटका, भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद बरामद