रिपोर्ट : किसलय शानू
रांची। ऑपरेशन मुस्कान के तहत मोबाइल फोन गुम होने के बाद मायूस लोगों के चेहरों पर एक बार फिर मुस्कान लौटाने का सिलसिला जारी है. यह कार्य झारखंड़ पुलिस के जाबांज पदाधिकारी कर रहे है. इस कार्य के बाद से झारखंड़ पुलिस के प्रति आम जनता का विश्वास बढ़ा है.
झारखंड़ पुलिस CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से बरामद किए गए मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों तक पहुंचा रहे हैं. विगत 25 सितंबर 2026 को राज्य के 24 जिलों में कुल 1114 मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को उपलब्ध कराए गए हैं. पुलिस की इस कार्रवाई से उन लोगों को बड़ी राहत मिली, जिन्होंने अपने मोबाइल फोन खो दिए थे या जिनके मोबाइल चोरी हो गए थे.
इस मामले में झारखंड़ पुलिस के प्रवक्ता आईजी ऑपरेशन नरेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि पुलिस का प्रयास है कि तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए लोगों की खोई हुई संपत्ति उन्हें वापस दिलाई जाए. मोबाइल वापस मिलने से लोगों के चेहरे पर जो खुशी आती है, वही ऑपरेशन मुस्कान की सफलता का सबसे बड़ा उद्देश्य है. आम लोगों से भी अपील है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर इसकी सूचना पुलिस को तत्काल दें.
सबसे ज्यादा कोडरमा जिला की पुलिस तो सबसे कम देवघर जिला
झारखंड़ पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, कोडरमा में सर्वाधिक 177 मोबाइल वास्तविक धारकों को लौटाए गए हैं. वहीं दूसरे नंबर पर गिरिडीह में 105 और तीसरे में सरायकेला जिला में 103 उनके मालिकों को सौंपे गए हैं. जबकि, सबसे अंतिम पायदान पर देवघर जिला है. यहाँ पर पुलिस ने सिर्फ 9 मोबाइल जनक मालिक को वापस कर पाएं हैं. इसके अलावा भी अन्य जिलों में भी पुलिस ने उल्लेखनीय कार्रवाई की. सिमडेगा में 63, रामगढ़ में 61, बोकारो में 60, साहिबगंज में 54, रांची में 47, हजारीबाग में 39 और गढ़वा में 38 मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को उपलब्ध कराए गए हैं.
CEIR पोर्टल बना झारखंड़ पुलिस का मजबूत हथियार
मोबाइल गुम या चोरी होने के बाद उसके आईएमईआई नंबर के आधार पर CEIR पोर्टल के माध्यम से मोबाइल को ट्रैक करने और नेटवर्क पर उसकी पहचान करने में पुलिस को मदद मिलती है. इसके जरिए बरामद मोबाइल का सत्यापन कर उसे उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाया जा रहा है.

ऑपरेशन मुस्कान के तहत की जा रही यह कार्रवाई केवल मोबाइल बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि लोगों की खोई हुई संपत्ति वापस दिलाने और पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. अब तक 1114 मोबाइल की बरामदगी और वापसी इस बात का प्रमाण है कि तकनीक और पुलिस की सक्रियता के जरिए आम लोगों की छोटी-बड़ी परेशानियों का समाधान किया जा सकता है. किसी के लिए मोबाइल महज एक डिवाइस हो सकता है, लेकिन उसमें मौजूद जरूरी संपर्क, दस्तावेज और यादें उसके मालिक के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती हैं.
जिलेवार मोबाइल वापसी की सूची
जिला – लौटाए गए मोबाइल
- रांची — 47
- गुमला — 31
- लोहरदगा — 09
- खूंटी — 28
- सिमडेगा — 63
- जमशेदपुर — 22
- चाईबासा — 26
- सरायकेला — 103
- पलामू — 97
- गढ़वा — 38
- लातेहार — 20
- बोकारो — 60
- धनबाद — 22
- हजारीबाग — 39
- कोडरमा — 177
- गिरिडीह — 105
- चतरा — 14
- रामगढ़ — 61
- दुमका — 15
- देवघर — 09
- जामताड़ा — 17
- गोड्डा — 21
- पाकुड़ — 36
- साहिबगंज — 54
कुल — 1,114 मोबाइल

