Ranchi : झारखंड में अगले दो दिनों तक ठंड से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 21 और 22 नवंबर को न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे सुबह और रात की ठंड में थोड़ी कमी महसूस होगी।
हालांकि 23 नवंबर के बाद तापमान फिर से गिर सकता है। इस दौरान सुबह के समय कोहरा और धुंध छा सकता है तथा आसमान में बादल भी रहने की संभावना है। उत्तर भारत में हो रही बर्फबारी का असर तीन दिन बाद झारखंड में भी दिख सकता है, जिसके चलते 26 और 27 नवंबर को रात का तापमान नीचे जा सकता है।
जामताड़ा में मौसम
जामताड़ा में सुबह धूप खिली रही। मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार और शनिवार को सुबह हल्का से मध्यम कोहरा रहेगा और दिन में आसमान साफ रहेगा। 23 नवंबर को सुबह कोहरा या धुंध और बाद में आंशिक बादल छाए रहने के आसार हैं।

धनबाद का मौसम
धनबाद में सुबह हल्का कोहरा छाया रहा। पिछले 24 घंटे में राज्य का मौसम शुष्क रहा। चाईबासा में अधिकतम तापमान 31.4°C और गुमला में न्यूनतम तापमान 10.0°C दर्ज किया गया।
रात में बढ़ सकती है ठंड
मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने झारखंड के सभी जिलों के लिए पांच दिनों का तापमान पूर्वानुमान जारी किया है। 19 से 23 नवंबर के बीच तापमान में हल्का उतार–चढ़ाव रहेगा। अधिकतर जिलों में दिन का तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक रहने की संभावना है, लेकिन रात में ठंड बढ़ सकती है। देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़ और साहिबगंज में दिन का तापमान 30 से 32°C तक रह सकता है, जबकि रात का तापमान 15 से 19°C के बीच रहने की उम्मीद है। दुमका और जामताड़ा में रात का तापमान 15–17°C तक रह सकता है।
Also Raed : पालतू कुत्ते को बांधने के बाद ED की टीम ने शुरू की रेड, एलबी सिंह का आवास पुलिस छावनी में तब्दील

