Ranchi : इस बार झारखंड में धान की बंपर पैदावार को देखते हुए सरकार 1 दिसंबर से धान की खरीदारी शुरू करने जा रही है। रांची सहित राज्य के सभी जिलों में इसके लिए खरीद केंद्रों का चयन और राइस मिल मालिकों (मिलरों) का रजिस्ट्रेशन जल्द किया जाएगा।
रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया
रांची जिले के सभी मिलरों को 30 अक्टूबर तक दोपहर 3 बजे तक आवेदन देना होगा। आवेदन समाहरणालय भवन के पांचवें तल्ले के कमरा संख्या 504 में जमा किए जा सकते हैं।
आवेदन में देनी होगी ये जानकारी
मिलरों को रजिस्ट्रेशन फॉर्म में नीचे दी गई जानकारियां देनी होंगी:

- मिल का नाम और मालिक का नाम
- मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी
- मिलिंग और भंडारण क्षमता
- सीसीटीवी कैमरे की उपलब्धता और रिकॉर्डिंग की क्षमता
- मिल पर किसी प्रकार का बकाया है या नहीं
- ब्लेंडिंग मशीन की जानकारी
- मिलों की क्षमता के अनुसार उन्हें धान अधिप्राप्ति केंद्रों से जोड़ा जाएगा, जहां से वे धान की खरीद करेंगे।
किसानों को मिलेंगी सुविधाएं
खरीद केंद्रों पर किसानों के लिए कई जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी, जैसे
- सफाई और छंटाई
- तौल और बोरी की व्यवस्था
- पेयजल और बैठने की सुविधा
- प्राथमिक उपचार
- तौल मशीन और शेड
इस बार हुई है बंपर पैदावार
इस बार अच्छी बारिश के कारण राज्य में करीब 47 लाख टन धान का उत्पादन होने का अनुमान है। रांची के कांके, रातू, मांडर, चान्हो, बेड़ो, नामकुम, सिल्ली, बुंडू, तमाड़ जैसे क्षेत्रों में धान की खेती बहुत अच्छी हुई है।
कृषि निदेशालय के अनुसार, हालांकि दलहन, तिलहन, मक्का और मोटे अनाजों की खेती इस बार लक्ष्य से कम हुई है, लेकिन धान की फसल ने रिकॉर्ड तोड़ा है।
किसानों को होगा सीधा फायदा
धान की अच्छी पैदावार से किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है, क्योंकि इस बार थोक व्यापारी भी किसानों से सीधे संपर्क कर रहे हैं। वहीं सरकार भी ज्यादा से ज्यादा खरीद केंद्र खोलने की तैयारी में है।