झारखंड में JPSC-JSSC परीक्षाओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विधानसभा में विपक्ष पर जमकर निशाना साधा. मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि विपक्ष छात्रों के मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर उन्हें दिग्भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छात्रों के भविष्य को लेकर गंभीर है और परीक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पहले ही कई परीक्षाओं को रद्द करने और उनसे जुड़े मामलों की जांच कराने का फैसला ले चुकी है. जिन परीक्षाओं में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आई हैं, उनकी जांच कराने में सरकार पीछे नहीं हटेगी. उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा स्पष्ट है और छात्रों के हितों की रक्षा करना उसकी प्राथमिकता है.
छात्रों के नाम पर राजनीति कर रहा विपक्ष
हेमंत सोरेन ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोग छात्रों के नाम पर राजनीति कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों को वास्तविक मुद्दों से भटकाने की कोशिश की जा रही है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन ने पूरे मामले में धैर्य का परिचय दिया है. इसके बावजूद विपक्ष अलग-अलग तरीके अपनाकर छात्रों को दिग्भ्रमित करने में जुटा है. उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे प्रयासों का लगातार पर्दाफाश करती रहेगी.
हेमंत सोरेन ने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा-
“ये लोग गेरुआ वस्त्र पहनकर दिग्भ्रमित करते हैं. अब छात्रों के वेश में षड्यंत्र कर रहे हैं.”
IIT-IIM की सलाह से बेहतर होगी परीक्षा व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने विधानसभा में परीक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर सरकार की आगे की योजना भी बताई. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं के आयोजन के लिए बड़े और प्रतिष्ठित संस्थानों की सलाह ली जाएगी. उन्होंने कहा कि IIT और IIM जैसे संस्थानों से सलाह लेकर परीक्षा प्रणाली को और बेहतर बनाया जाएगा. सरकार का प्रयास होगा कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़े और अभ्यर्थियों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन परीक्षाओं को लेकर जांच की आवश्यकता है, सरकार उनकी जांच कराने के लिए तैयार है. हालांकि उन्होंने विपक्ष पर जांच एजेंसियों के नाम पर राजनीति करने का भी आरोप लगाया.

गिरने की शुरुआत हुई है
विपक्ष पर हमला जारी रखते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार छात्रों के हित में काम कर रही है, लेकिन कुछ लोग राजनीतिक लाभ के लिए पूरे मामले को अलग दिशा देने की कोशिश कर रहे हैं.
हेमंत सोरेन ने विपक्ष को लेकर कहा-
“गिरों के गिरने की अभी और संभावनाएं बाकी हैं, अभी तो गिरने की शुरुआत है.”
गौरतलब है कि झारखंड में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्र लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं. छात्र कई परीक्षाओं को रद्द करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं. इसी मुद्दे को लेकर विधानसभा के भीतर भी सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच लगातार तीखी बयानबाजी देखने को मिल रही है.



