Ranchi: झारखंड में पहली बार कला और राजनीति की बड़ी साझेदारी देखने को मिली। कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की समेत कई नेताओं के साथ राज्य के दर्जनों कलाकार एक मंच पर जुटे।
इस महाजुटान में लोकगायक पद्मश्री मधुर मंसूरी के अलावा नागपुरी, खोरठा, कुड़ुख, संताली सहित अन्य क्षेत्रीय भाषाओं के गायक, अभिनेता और निर्देशक शामिल हुए। कार्यक्रम में कलाकारों की भूमिका और सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण पर जोर दिया गया।
बंधु तिर्की ने घोषणा की कि झारखंड कलाकार सोसाइटी का गठन किया जाएगा। इसमें 25 सदस्यीय टीम होगी, साथ ही प्रत्येक शैक्षणिक संस्थान में कम से कम एक कलाकार को जोड़ने की अनिवार्यता पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि अब तक झारखंड में कलाकारों के लिए कोई स्पष्ट नीति नहीं बनी है, जिसके कारण उन्हें सरकारी लाभ से वंचित रहना पड़ता है। सोसाइटी के माध्यम से कलाकारों को न केवल मंच मिलेगा, बल्कि उनकी जीवनी पर पुस्तक लेखन और दस्तावेजीकरण का कार्य भी आगे बढ़ाया जाएगा।
Also read: रांची में तीन बड़े फ्लाईओवर परियोजनाओं पर मंथन, सीएम हेमंत सोरेन ने दिए जरूरी निर्देश