Ranchi: रांची के सभी अंचलों में मंगलवार को जनता दरबार का आयोजन किया गया। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान, पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था को बढ़ावा देना और राजस्व संबंधी कार्यों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करना है।
जनता दरबार में नागरिकों की विभिन्न शिकायतों और आवेदनों का मौके पर ही निपटारा किया गया। इसमें दाखिल-खारिज, करेक्शन स्लिप निर्गमन, सीमांकन, भूमि विवाद निपटारा, भूमि अभिलेख सुधार, जाति, आय, निवास और पारिवारिक सदस्यता प्रमाण पत्र से संबंधित कार्य शामिल थे।
सिल्ली अंचल में सड़क दुर्घटना में मृत व्यक्तियों के आश्रितों को एक-एक लाख रुपये की मुआवजा राशि का चेक प्रदान किया गया। लाभुकों में पुरुषोत्तम महतो, अहिल्यादेवी और मालती देवी शामिल हैं। अंचलाधिकारी ने लाभुकों को सहायता योजना की प्रक्रिया से भी अवगत कराया।

नामकुम अंचल में 13 वर्षों से लंबित रसीद कटने की समस्या का समाधान किया गया। अंचलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई कर आवेदक को रसीद उपलब्ध कराई।
बुढ़मू और सोनाहातू अंचल में पारिवारिक सदस्यता, जाति, आय और निवासी प्रमाण पत्र से संबंधित कई आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।
चान्हो अंचल में दाखिल-खारिज और करेक्शन स्लिप से संबंधित कई आवेदनों का निपटारा किया गया। भूमि अभिलेख सुधार से जुड़े आवेदन भी पूर्ण किए गए।
सिल्ली अंचल में कुल 51 आवेदन, बुढ़मू में 79, रातू में 59, राहे में 107 और अनगड़ा में 76 आवेदनों का निपटारा किया गया। राहे अंचल की आवेदिका सीता देवी और गोविंद महतो के दाखिल-खारिज आवेदन भी सफलतापूर्वक निष्पादित किए गए। अन्य अंचलों में भी अनेक आवेदन ऑन द स्पॉट निष्पादित हुए।
उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जनता दरबार को नागरिक समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनाया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही व संवेदनशीलता सुनिश्चित की जाए।
जिला प्रशासन की यह पहल सुशासन, पारदर्शिता और जनसेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। जनता दरबार के माध्यम से नागरिकों को सरकारी सेवाओं तक सरल, त्वरित और सुलभ पहुँच सुनिश्चित की जा रही है।