Patna : जन सुराज पार्टी को शुक्रवार को एक बेहद दुखद झटका लगा। तरारी विधानसभा सीट से पार्टी के प्रत्याशी चंद्रशेखर सिंह का हार्ट अटैक से निधन हो गया। सबसे दर्दनाक बात यह रही कि उनकी मौत उसी दिन हुई जब चुनाव के नतीजे घोषित किए जा रहे थे।
31 अक्टूबर को प्रचार के दौरान आए पहले हार्ट अटैक के बाद से वे पटना के एक निजी अस्पताल में भर्ती थे। इलाज चल रहा था, लेकिन शाम करीब चार बजे दूसरी बार आए हार्ट अटैक ने उनकी जान ले ली।
तरारी सीट पर उन्हें 2271 वोट मिले। इस सीट पर बीजेपी के विशाल प्रशांत 96,887 वोटों के साथ विजयी रहे, जबकि सीपीआई(एमएल) के मदन सिंह को 85,423 वोट मिले। कुल 29 राउंड की लंबी मतगणना के बाद परिणाम सामने आए।

कुरमुरी गांव के रहने वाले चंद्रशेखर सिंह सेवानिवृत्त प्रधान शिक्षक थे। राजनीति में नए होने के बावजूद समाज में उनकी अच्छी पकड़ थी। जन सुराज पार्टी की विचारधारा से प्रभावित होकर उन्होंने चुनावी मैदान में कदम रखा था।
उनके निधन की खबर फैलते ही गांव और आसपास के इलाके में गहरा शोक छा गया। परिजन पटना से आरा की ओर रवाना हो चुके थे, जबकि उनका पार्थिव शरीर गांव नहीं पहुंचा था।
तरारी सीट भोजपुर जिले की महत्वपूर्ण सीटों में से एक है। इस बार बीजेपी ने यहां बड़ी बढ़त से जीत हासिल की। जन सुराज पार्टी भले नई खिलाड़ी थी, लेकिन चंद्रशेखर सिंह की उम्मीदवारी ने पार्टी की ग्रामीण पहुंच बढ़ाने में भूमिका निभाई।

