Ranchi : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 का रिजल्ट घोषित कर दिया है। इस बार कई प्रतिभावान छात्रों ने राज्य स्तर पर टॉप कर नया कीर्तिमान रचा है।
साइंस स्ट्रीम टॉपर बनीं अंकिता दत्ता
धनबाद के टुंडी रोड की रहने वाली अंकिता दत्ता ने साइंस स्ट्रीम में 477 अंक प्राप्त कर स्टेट टॉप किया है। उनका कुल प्रतिशत 95.4% रहा। अंकिता प्लस 2 गोविंदपुर राज्यकीयकृत हाई स्कूल की छात्रा हैं। उनके पिता प्रलय कुमार दत्ता एक इलेक्ट्रीशियन हैं। तीन बहनों में सबसे बड़ी अंकिता ने कठिन परिस्थितियों में यह मुकाम हासिल कर परिवार और जिले का नाम रोशन किया।
कॉमर्स में चमकीं रेशमी कुमारी
चाइबासा की रेशमी कुमारी ने 476 अंक लाकर कॉमर्स स्ट्रीम में राज्य टॉप किया है। उन्होंने संत जेवियर इंटर कॉलेज से पढ़ाई की है। उनके पिता राजेश प्रसाद व्यवसायी हैं।
दूसरे स्थान पर रहे अंकित और हसन
साइंस में पश्चिम सिंहभूम के अंकित कुमार शाह ने 476 अंक हासिल कर दूसरा स्थान पाया। वह नोवामुंडी इंटर कॉलेज के छात्र हैं। उनके पिता अनिल शाह चाय की दुकान चलाते हैं।
कॉमर्स में जामताड़ा के हसन शेख ने 475 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। वे गर्वमेंट प्लस टू स्कूल मीहिजाम से पढ़े हैं। उनके पिता स्टील प्लांट में मजदूर हैं।
चौथे स्थान पर रहीं जिया श्रीवास्तव
रांची के लालपुर की जिया श्रीवास्तव ने 473 अंक लाकर चौथा स्थान हासिल किया। वे उर्सुलाइन इंटर कॉलेज की छात्रा हैं। उनके पिता टिफिन सर्विस चलाते हैं। जिया सिविल सर्विस की तैयारी करना चाहती हैं।
जिला टॉपर बनीं रेखा तिर्की
रांची की रेखा तिर्की ने कॉमर्स में 468 अंक पाकर राज्य में छठा और रांची जिले में पहला स्थान हासिल किया। वे उर्सुलाइन इंटर कॉलेज की छात्रा हैं। उनके पिता महादेव उरांव मजदूरी करते हैं।
Also Read : रिटायर्ड फौजी ने अपने लाइसेंसी हथियार से ली बेटे की जान… जानें क्यों