Patna : बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ा राजनीतिक विवाद छिड़ गया है, जिसने पूरे देश का ध्यान खींच लिया। विवाद की शुरुआत PM मोदी की मां के कथित अपमान से हुई, जो अब केरल कांग्रेस की ‘बीड़ी-बिहार’ पोस्ट और श्रीनगर में अशोक चक्र के अपमान तक पहुंच गया। इन घटनाओं ने बिहार की सियासत में भूचाल ला दिया है। बिहार के डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने इस पर कड़ा विरोध जताया है।
सम्राट चौधरी का गुस्सा
डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, “बिहार में पीएम मोदी की मां का अपमान, केरल में बिहार का अपमान, और कश्मीर में अशोक चक्र का अपमान! INDI गठबंधन भारत की आत्मा पर वार कर रहा है। अशोक चक्र बिहार और सम्राट अशोक की गौरवशाली विरासत है। बिहार और भारत इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे!”
बिहार में आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की माँ का अपमान…
केरल में बिहार का अपमान…
और अब कश्मीर में अशोक चक्र का अपमान!केरल से कश्मीर तक,INDI गठबंधन सिर्फ भारत की आत्मा पर वार कर रहा है।
अशोक चक्र,सम्राट अशोक और बिहार की गौरवशाली विरासत है।
बिहार और भारत कभी इस… pic.twitter.com/SMyv2WfZ2e— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) September 7, 2025
मोदी की मां का अपमान : वायरल वीडियो से बवाल
27 अगस्त 2025 को दरभंगा के जाले में कांग्रेस की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ के दौरान स्थानीय नेता मोहम्मद नौशाद ने मंच से पीएम मोदी और उनकी मां के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की। इसका वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा ने इसे “मां की गाली” बताकर कड़ा ऐतराज जताया। दरभंगा साइबर थाने में एफआईआर दर्ज की गई। कांग्रेस ने इसे नौशाद के समर्थकों की गलती बताकर माफी मांगी, लेकिन भाजपा ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को निशाने पर लिया। इस मुद्दे पर बिहार बंद भी हुआ और कोर्ट में सुनवाई 17 सितंबर को होगी।
केरल कांग्रेस की ‘बीड़ी-बिहार’ पोस्ट
6 सितंबर 2025 को केरल कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर जीएसटी सुधारों की आलोचना करते हुए एक पोस्ट में लिखा, “बीड़ी और बिहार दोनों B से शुरू होते हैं, अब इसे पाप नहीं माना जा सकता।” इस पोस्ट ने बिहार का अपमान बताकर सियासी तूफान खड़ा कर दिया। विवाद बढ़ने पर कांग्रेस ने पोस्ट हटाकर माफी मांगी और उनके सोशल मीडिया हेड वीटी बालराम ने इस्तीफा दे दिया। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने इसे बिहार का अपमान बताया, जबकि तेजस्वी यादव ने भी माफी की मांग की।
कश्मीर में अशोक चक्र का अपमान
5 सितंबर 2025 को श्रीनगर के हजरतबल दरगाह में जीर्णोद्धार के दौरान लगी पट्टिका पर अशोक चक्र को लेकर विवाद हुआ। ईद-ए-मिलाद के दिन कुछ लोगों ने इसे इस्लामी सिद्धांतों के खिलाफ बताकर पट्टिका तोड़ दी। वक्फ बोर्ड चेयरपर्सन दरख्शां अंद्राबी ने इसे ‘आतंकी कृत्य’ कहा और सख्त कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने 20 लोगों को हिरासत में लिया और एफआईआर दर्ज की। उमर अब्दुल्ला ने धार्मिक स्थलों पर राष्ट्रीय चिह्न लगाने को गलत बताया, जबकि महबूबा मुफ्ती ने भावनाओं का सम्मान करने की बात कही।
सियासी तापमान बढ़ा
विपक्ष ने चौधरी के बयान को राजनीतिक चाल बताया, जबकि भाजपा समर्थक इसे राष्ट्रीय सम्मान का मुद्दा मान रहे हैं। बिहार की जनता में भी मिली-जुली प्रतिक्रिया है। कुछ इसे सियासी ड्रामा बता रहे हैं, तो कई इसे राष्ट्रीय भावनाओं का अपमान मानते हैं। प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बढ़ा दी है। यह विवाद बिहार विधानसभा चुनाव में बड़ा मुद्दा बन सकता है।
Also Read : झारखंड में फिर बदलेगा मौसम, तीन दिन तक बारिश और आंधी का अलर्ट