Bokaro : बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के नया बस्ती गांव में बीती देर रात पारिवारिक विवाद में पति ने पत्नी को बेरहमी से मार डाला। आरोपी रुपेश यादव ने अपनी 27 साल की पत्नी झालो देवी पर पहले हथौड़ी से वार किया, फिर चाकू से हमला कर दिया। मौके पर ही झालो की मौत हो गई।
बच्चों के सामने हुई हत्या
पति-पत्नी के बीच झगड़ा किस बात पर हुआ, यह अभी साफ नहीं है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों के बीच अक्सर लड़ाई होती रहती थी। घटना के समय बच्चे भी घर में मौजूद थे। गुस्से में रुपेश ने मारपीट शुरू की और बच्चों के सामने ही पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। बच्चों को चोट नहीं लगी, लेकिन मां की मौत से वे सदमे में हैं।
पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। टीम मौके पर पहुंची और रुपेश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी इतना गुस्से में था कि लोग उसे काबू नहीं कर पा रहे थे। ग्रामीणों ने रस्सी से उसके हाथ-पैर बांध दिए। पुलिस ने स्थिति संभाली।

पहले भी कर चुका था हमला
पुलिस जांच में पता चला कि रुपेश और झालो के बीच विवाद नया नहीं था। करीब एक साल पहले झगड़े में उसने चाकू से पत्नी पर हमला किया था, जिसमें वह घायल हो गई थी। मामला पंचायत में उठा, लेकिन शांत कर दिया गया। रुपेश पहले बोकारो थर्मल के सेंट्रल मार्केट में दुकानों पर काम करता था। किसी पुराने मामले में नाम आने पर वह गांव छोड़कर टाटा जमशेदपुर चला गया था। एक महीने पहले ही वह वापस लौटा। लौटने के बाद भी दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे। ग्रामीणों का कहना है कि गुस्से में रुपेश किसी की नहीं सुनता था। लोग समझाते थे, लेकिन वह नहीं मानता था।
तीन बच्चों पर टूटा दुख
झालो देवी ने तीन छोटे बच्चों को छोड़ा है – प्रतिमा कुमारी (10 साल), पीयूष कुमार (4 साल) और आयुष कुमार (2 साल)। बच्चे मां की मौत से बदहवास हैं और रो-रोकर बुरे हाल में हैं। परिवार और ग्रामीणों ने बच्चों के भविष्य व सुरक्षा के लिए प्रशासन से मदद मांगी है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जांच जारी है, लेकिन प्राथमिक तौर पर पारिवारिक विवाद को ही मुख्य कारण माना जा रहा है।
Also Read : अब घर बैठे भेजें पार्सल, डाक विभाग ने बिहार में शुरू की ‘क्लिक एन बुक’ सेवा

