Rajgir : बिहार के राजगीर में पहली बार हीरो एशिया पुरुष हॉकी कप का आयोजन होने जा रहा है। 29 अगस्त से शुरू होने वाला यह टूर्नामेंट 7 सितंबर तक चलेगा। 10 दिनों तक चलने वाले इस हॉकी महाकुंभ में 8 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें भारत, चीन, जापान, चीनी ताइपे, मलेशिया, कोरिया, कजाखस्तान और बांग्लादेश शामिल हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैदान पर होंगे मुकाबले
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रन शंकरण ने बताया कि राजगीर में दो अंतरराष्ट्रीय स्तर के एस्ट्रोटर्फ मैदान तैयार किए गए हैं। ये मैदान जर्मन तकनीक से बने हैं और अंतरराष्ट्रीय हॉकी फेडरेशन से मान्यता प्राप्त हैं। इनमें फ्लडलाइट और स्प्रिंकलर सिस्टम की सुविधा भी है।
टूर्नामेंट का शेड्यूल
टूर्नामेंट में दो पूल बनाए गए हैं। पूल ए में भारत, जापान, चीन और कजाखस्तान, जबकि पूल बी में मलेशिया, कोरिया, बांग्लादेश और चीनी ताइपे हैं। पहला मैच 29 अगस्त को सुबह 9 बजे मलेशिया और बांग्लादेश के बीच होगा। फाइनल मुकाबला 7 सितंबर को खेला जाएगा। 2 और 5 सितंबर को कोई मैच नहीं होगा।
खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन इंतजाम
शंकरण ने बताया कि सभी टीमें राजगीर के होटलों में ठहरेंगी, जबकि भारतीय टीम खेल परिसर में रहेगी। खिलाड़ियों के लिए उनके देश के स्वाद के अनुसार खाना, एसी बस, भाषा दुभाषिया और सुरक्षा अधिकारी की सुविधा उपलब्ध होगी।
स्टेडियम में चार गेट और पार्किंग की व्यवस्था
स्टेडियम में चार अलग-अलग गेट बनाए गए हैं। गेट-1 कर्मचारियों, गेट-2 दर्शकों और मीडिया, गेट-3 वीवीआईपी और गेट-4 खिलाड़ियों के लिए होगा। दर्शकों के लिए 7 जगहों पर पार्किंग की व्यवस्था है। यातायात के लिए पुलिस दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक तैनात रहेगी।
टिकट फ्री, लेकिन बुकिंग जरूरी
हीरो एशिया कप में प्रवेश मुफ्त है, लेकिन दर्शकों को टिकट बुक करना होगा। टिकट बुकिंग के लिए Ticketgenie ऐप डाउनलोड करना होगा। आधार कार्ड के जरिए एक व्यक्ति अधिकतम दो टिकट बुक कर सकता है। एक टिकट पूरे दिन के मैच देखने के लिए मान्य होगा।
38 जिलों में फैन पार्क
राजगीर स्टेडियम में 5000 दर्शकों की क्षमता है। इसके अलावा, बिहार के 38 जिलों में फैन पार्क बनाए जाएंगे, जहां LED स्क्रीन पर मैचों का लाइव प्रसारण होगा। स्टेडियम में फूड कोर्ट और वाशरूम की सुविधा भी है।
विशेष कार्यक्रम
29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद के जन्मदिन पर राष्ट्रीय खेल दिवस के मौके पर टूर्नामेंट शुरू होगा। 30 अगस्त को ‘हॉकी विथ हरमनप्रीत’ कार्यक्रम होगा, जिसमें भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह बच्चों को हॉकी सिखाएंगे। 31 अगस्त को ‘संडे ऑन साइकिल’ में खिलाड़ी और बच्चे 5 किमी साइकिल चलाएंगे।
मैस्कॉट ‘चांद’ मेजर ध्यानचंद को समर्पित
टूर्नामेंट का मैस्कॉट ‘चांद’ मेजर ध्यानचंद को समर्पित है। शंकरण ने बताया कि ध्यानचंद रात में चांद की रोशनी में प्रैक्टिस करते थे, इसलिए उन्हें ‘चांद’ कहा जाता था।
भारत और पाकिस्तान ने तीन-तीन बार जीता खिताब
यह पुरुष हॉकी एशिया कप का 12वां संस्करण है। दक्षिण कोरिया ने 5 बार, जबकि भारत और पाकिस्तान ने 3-3 बार यह खिताब जीता है। भारत में यह तीसरी बार आयोजित हो रहा है। इससे पहले 1989 में दिल्ली और 2007 में चेन्नई में यह टूर्नामेंट हुआ था।
Also Read : रेलवे चलाएगा पूजा स्पेशल ट्रेनें, देखें रूट और टाइमिंग की पूरी जानकारी