Ranchi : झारखंड में इस समय मानसून जोरों पर है। लगभग हर जिले में रोज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने बताया है कि 18 अगस्त तक कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होती रहेगी। इसके साथ ही तेज हवा (30 से 40 किमी/घंटा) चलने और आकाशीय बिजली गिभी संभावना है। इसी वजह से यलो अलर्ट जारी किया गया है।
गुरुवार शाम जमशेदपुर में अच्छी बारिश हुई। वहीं पूरे राज्य में 1 जून से 14 अगस्त के बीच 872.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि इस दौरान सामान्य बारिश 650.2 मिमी होती है। यानी अब तक झारखंड में 34% ज्यादा बारिश हो चुकी है।
राजमहल में बीते 24 घंटे में सबसे ज्यादा 56 मिमी बारिश हुई। सरायकेला में सबसे अधिक तापमान 34.5 डिग्री और लातेहार में सबसे कम तापमान 21.1 डिग्री दर्ज किया गया।

हालांकि कुछ जिले ऐसे भी हैं जहाँ बारिश सामान्य से कम हुई है। देवघर में अब तक 596.5 मिमी बारिश हुई है, जो 4% कम है। वहीं पाकुड़ में 13% कम बारिश हुई है।
राजधानी रांची में अब तक 1074 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 12% ज्यादा है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले 5 दिनों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।