Ranchi : झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है और पिछले कुछ दिनों से राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। इससे मौसम का मिजाज सुहाना हो गया है, वहीं भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी रांची सहित झारखंड के 18 जिलों में अगले 48 घंटों के भीतर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। 4 जुलाई (गुरुवार) को भी बारिश जारी रहने की संभावना है। लोहरदगा, लातेहार, चतरा, कोडरमा, हजारीबाग और रामगढ़ जिलों के लिए विशेष रूप से चेतावनी दी गई है।
पिछले 24 घंटे में कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज
राज्य के विभिन्न हिस्सों में पिछले 24 घंटों के दौरान मध्यम से भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है। सिमडेगा में सबसे अधिक 59.8 मिमी, बोकारो में 43.6 मिमी, हजारीबाग में 34.6 मिमी, पूर्वी सिंहभूम में 23.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हुई है।
साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना कारण
मौसम विभाग ने बताया कि झारखंड के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है, जिसकी वजह से राज्यभर में बारिश का सिलसिला अगले 2-3 दिनों तक जारी रहने की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश भी हो सकती है, जिससे जलजमाव और स्थानीय नदियों में जलस्तर बढ़ने की आशंका है।
लोगों से सतर्क रहने की अपील
मौसम विभाग ने लोगों को आवश्यक सावधानी बरतने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी है। किसानों और यात्रा करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
Also Read : पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के PA समेत आठ ठिकानों पर ED की रेड
Also Read : तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर
Also Read : Aaj Ka Rashifal, 04 JULY 2025 : जानें किस राशि का क्या है आज राशिफल