Dhanbad: झारखंड आंदोलन के प्रखर नेता और शहीद निर्मल महतो की पुण्यतिथि के अवसर पर शुक्रवार को शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस मौके पर टुंडी के विधायक मथुरा प्रसाद महतो, प्राचार्य डॉ. एस.के. चौरसिया, अधीक्षक डॉ. डी.के. गिंदौरिया समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
कॉलेज परिसर में स्थापित शहीद निर्मल महतो की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर कॉलेज के चिकित्सकों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ताओं ने भी भाग लेकर ‘निर्मल दा’ को याद किया।
विधायक मथुरा महतो ने कहा कि “निर्मल दा झारखंड आंदोलन के एक सशक्त स्वर थे। उनके संघर्ष और बलिदान की बदौलत ही आज हमें एक अलग झारखंड राज्य मिला है। अब हमारी जिम्मेदारी है कि हम उनके सपनों का झारखंड बनाएं।”
उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान झारखंड सरकार आंदोलनकारियों को सम्मान देने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। कार्यक्रम के दौरान मथुरा महतो ने अस्पताल में उपलब्ध सेवाओं की समीक्षा की और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर डॉ. सी.एस. सुमन, डॉ. विनीत पी. तिग्गा सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Also read:जमशेदपुर में चोरों का कहर, दुकान से नकदी, मंदिर से दानपेटी गायब…