Khunti : जिले के मुरहू थाना क्षेत्र के डेहकेला गांव में बीती देर रात डकैती की बड़ी कोशिश सामने आई, जिसे ग्रामीणों की बहादुरी और पुलिस की तत्परता ने नाकाम कर दिया। इस दौरान पिता-पुत्र ने साहस दिखाते हुए एक डकैत को पकड़ लिया, हालांकि हाथापाई में बेटे को गोली भी लग गई। जानकारी के मुताबिक, केदार अहिर शनिवार देर रात सरवादा बाजार से दुकानदारी कर अपने घर लौटे थे। जैसे ही वे घर पहुंचे, उसी समय 6–7 बाइक पर सवार होकर आए हथियारबंद डकैतों ने उनके घर को घेर लिया। डकैतों ने केदार अहिर पर पिस्टल तान दी और दहशत फैलाने की कोशिश की, लेकिन फायरिंग के बावजूद गोली नहीं चली। इसके बाद केदार अहिर ने साहस दिखाते हुए डकैतों का विरोध शुरू कर दिया।
बेटे को लगी गोली, फिर भी नहीं छोड़ा संघर्ष
इस बीच केदार अहिर का बेटा रुसू अहिर भी पिता की मदद के लिए आगे आया और डकैतों से भिड़ गया। हाथापाई के दौरान दोनों ने एक डकैत को पकड़ लिया। इसी दौरान दूसरे अपराधी ने रुसू पर गोली चला दी, जो उसके जांघ के पास लग गई। घायल होने के बावजूद रुसू और उसके पिता ने हिम्मत नहीं हारी और पकड़े गए डकैत को नहीं छोड़ा।
ग्रामीणों की मदद से एक अपराधी पकड़ा गया
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख डकैत भागने लगे, लेकिन इस दौरान एक अपराधी खुदीराम ओड़ेया को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने पकड़े गए आरोपी की पिटाई कर दी। हालात तनावपूर्ण होने पर खूंटी एसडीपीओ वरुण कुमार रजक और मुरहू थाना प्रभारी नायाल गोडविन केरकेट्टा मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य फरार अपराधियों की तलाश में जुट गई है।
Also Read : पलामू में जमीन कारोबारी की अपहरण के बाद ह’त्या, इलाके में सनसनी


