Ranchi : रांची के रातू थाना क्षेत्र हुए बंधना उरांव हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। इस मामले में चार संदेही गुनहगारों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार लोगों के नाम छोटू कच्छप, अघनु मुंडा उर्फ अघनु नगडूवार, अमन लकड़ा उर्फ अनीश उरांव उर्फ लम्बू और कैलाश उरांव बताये गये। छोटू और अघनु रांची के रातू थाना क्षेत्र के सिमलिया का रहने वाला है। वहीं, अमन और कैलाश का घर लोहरदगा के बेजवाली में है। करीब डेढ़ एकड़ जमीन के लफड़े को लेकर बंधना उरांव की हत्या कर दी गयी थी। इस बात का खुलासा आज यानी गुरुवार को रांची के रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने किया।
एसपी ने मीडिया को बताया कि बीते 31 मई को करीब 65 साल के बंधना उरांव की पत्थर से कूच कर हत्या कर दी गयी थी। घर से थोड़ी दूर बांधलता टोंगरी में उनकी डेड बॉडी मिली थी। वे घर में बकरी को बांधकर अपने भांजा के घर जाने की बात कहकर निकले थे। देर तक जब वापस नहीं लौटे तो खोजबीन शुरू की गयी और उनकी लाश मिली। मारे गये बंधना उरांव की पत्नी बिरसी उराईन के फर्दबयान के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। DIG सह रांची पुलिस कप्तान चंदन कुमार सिन्हा के निर्देश पर रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर के नेतृत्व और DSP अरविंद कुमार की देखरेख में टीम गठित की गयी। गठित टीम ने तफ्तीश के दरम्यान टेक्निकल सेल की मदद ली और संदेह के आधार पर कुछ लोगों को उठा लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर खुलासा हुआ कि सिमलिया के रहने वाले छोटू कच्छप ने करीब डेढ़ एकड़ जमीन की खरीद-बिक्री के लिए बंधना उरांव से एग्रीमेंट किया था। इसके एवज में बंधना उरांव को दो लाख तीस हजार रुपये दिये गये थे। उस जमीन पर जब कभी भी छोटू कच्छप एवं अघनु मुंडा उर्फ अघनु नगडूवार मिलकर काम करने जाते तो बंधना उरांव जमीन का पूरा पैसा मांगने पहुंच जाता। काम नहीं करने देता था। ऐसा कई बार हो चुका था। तब छोटू कच्छप और अघनु मुंडा ने मिलकर बंधना उरांव को रास्ते से हटाने का खतरनाक इरादा बना लिया। बंधना का काम तमाम करने के वास्ते पूरी प्लानिंग की गयी। वारदात को अंजाम देने के लिए छोटू और अघनु ने अमन लकड़ा उर्फ अनीश उरांव और कैलाश उरांव से सम्पर्क किया। अमन लकड़ा दागी किस्म का युवक है। उसके खिलाफ पुलिस फाइल में चार मामले दर्ज हैं। दिन समय सब तय कर लिया गया। पूरी प्लानिंग छोटू कच्छप के घर पर की गयी। तय प्लानिंग के अनुसार बीते 31 मई की शाम छोटू कच्छप ने बंधना उरांव को अपने घर बुलाया। बैठक हुई और फिर बंधना उरांव अपने घर के लिए निकल गया। लौटने के क्रम में अमन लकड़ा एवं कैलाश उरांव ने बंधना उरांव को रास्ते में दबोच लिया। पहले उसका गला दबा दिया और फिर पत्थर से कूच कर उसे मौत के घाट उतार दिया।
इस कांड का खुलासा करने में DSP अरविंद कुमार, रातू थानेदार इंस्पेक्टर राम नारायण सिंह, एसआई प्रियंका कुमारी, संतोष यादव, नवीन शर्मा, अनुरंजन कुमार, छोटू कुमार, विशेश्वर कुमार, अनुप कुमार, एएसआई सुनिल कुमार सिंह, मंटू कुमार सिंह और बलेन्द्र यादव की भूमिका सराहनीय रही।
काम करने से पहले बंधना मांग रहा था जमीन के पूरे पैसे, मिली खौफनाक मौत… रांची के रुरल एसपी प्रवीण पुष्कर ने किया मामले का खुलासा pic.twitter.com/VMqUSFGM7L
— Johar Live (@joharliveonweb) June 5, 2025
इसे भी पढ़ें : कोर्ट से सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर शर्मिष्ठा पनोली को अंतरिम जमानत