मृतक के पिता पूरण शर्मा ने बताया कि मनोज और आरोपी भाई प्रकाश को शराब पीने की लत थी। दोनों के बीच अक्सर नशे में मारपीट होती थी। दो साल पहले मनोज की शादी हुई थी और उसका डेढ़ साल का बच्चा है। एक महीने पहले मनोज शराब पीने के मामले में जेल गया था, जिसके बाद उसकी पत्नी बच्चे को लेकर मायके चली गई। 28 मई को दोनों भाइयों के बीच झगड़ा हुआ था, जिसमें मनोज ने प्रकाश को पीटा और थाने में शिकायत की धमकी दी थी।
शनिवार सुबह 9 बजे मनोज चाय पीकर घर से निकला। रात 8 बजे पिता को स्थानीय लोगों से बेटे की मौत की खबर मिली। अस्पताल पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मनोज के नाक-मुंह से खून बह रहा था और शरीर पर जख्म के निशान थे। पिता का आरोप है कि प्रकाश ने अपने साथियों के साथ मिलकर मनोज की पीट-पीटकर हत्या की।
के.हाट थाना प्रभारी उदय कुमार ने बताया कि जनता चौक के पास अज्ञात शव मिला था, जिसकी पहचान सोशल मीडिया पर फोटो पोस्ट करने के बाद मनोज शर्मा के रूप में हुई। खजांची थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम कुमार सिंह ने कहा कि आरोपी भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है।