New Delhi : दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार की सुबह एक बार फिर तेज बारिश के साथ शुरू हुई। राजधानी के कई इलाकों में सुबह से ही बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिससे जनजीवन पर असर पड़ा है। इस बीच यमुना नदी भी लगातार उफान पर है। जलस्तर के बढ़ने के चलते मजनू का टीला, यमुना बाजार, गीता कॉलोनी, मयूर विहार, और झरोड़ा कलां जैसे निचले इलाकों में घरों और दुकानों तक पानी घुस गया है। मौसम विभाग ने सितंबर के बाकी दिनों में भी अच्छी बारिश का अनुमान जताया है। वहीं, बारिश और खराब मौसम का असर उड़ानों पर भी देखने को मिल रहा है, जिससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
यमुना का पानी अब दिल्ली के प्रमुख इलाकों तक पहुंचने लगा है। दिल्ली सचिवालय तक भी बाढ़ का पानी दस्तक दे चुका है, जिससे प्रशासनिक कामकाज पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। बाढ़ जैसे हालातों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए कहा कि यमुना के बढ़ते जलस्तर से दिल्ली के कई निचले इलाके जलमग्न हो गए हैं। उन्होंने आप कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे प्रशासन के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्यों में पूरी जिम्मेदारी से जुटें और हर जरूरतमंद तक मदद पहुंचाएं।
वहीं, दिल्ली की मौजूदा मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने जीएसटी में दी गई राहतों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उठाए गए इन कदमों से आम आदमी को बड़ी राहत मिली है। विशेषकर स्वास्थ्य, बीमा, शिक्षा और घरेलू सामान जैसे क्षेत्रों में टैक्स में कमी आने से जनता को सीधा फायदा होगा। रेखा गुप्ता ने इसे देश की अर्थव्यवस्था के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ बताया और कहा कि इससे छोटे और बड़े व्यवसायों को स्थिरता मिलेगी।
बाढ़ के खतरे को देखते हुए दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने भी यमुना नदी से सटे यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन को लेकर अलर्ट जारी किया है। डीएमआरसी के अनुसार, स्टेशन फिलहाल चालू है और इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध है, लेकिन वहां जाने वाला संपर्क मार्ग काफी कठिन और जलमग्न हो गया है।
इधर, यमुना बाजार क्षेत्र में स्थित एक निजी अस्पताल को भी एहतियातन खाली करा लिया गया है। अब अस्पताल में कोई मरीज मौजूद नहीं है। आसपास के इलाकों में पानी इस कदर भर गया है कि नाले तक डूब चुके हैं और सड़कों पर चलना मुश्किल हो गया है। कश्मीरी गेट से निगम बोध घाट की ओर जाने वाले रास्ते पर भी बाढ़ का पानी पहुंच चुका है।
दिल्ली के अलावा गुरुग्राम में भी हालात कुछ अलग नहीं हैं। शहर के कई हिस्सों में भारी जलभराव हो गया है। सदर बाजार स्थित अग्रसेन चौक और शीतला माता रोड जैसे इलाकों में पानी भरने से ट्रैफिक पूरी तरह से थम गया है। टूटी सड़कों और पानी के भराव ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
Also read : ग्रामीण कार्य विभाग का सख्त आदेश : अभियंताओं को हर महीने देनी होगी यह रिपोर्ट