Ranchi : आम लोगों को उनके संवैधानिक और मानव अधिकारों के प्रति जागरूक करने तथा न्याय प्राप्ति को आसान बनाने के उद्देश्य से बुधवार को रांची में ‘हमर अधिकार मंच’ (हम) का गठन किया गया। मंच की स्थापना आम नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा और उनके क्रियान्वयन को लेकर कार्य करने के मकसद से की गई है।
इस मंच का पंजीकरण रांची के जिला अवर निबंधक कार्यालय में संपन्न हुआ। अध्यक्ष दीपेश निराला ने बताया कि मंच का उद्देश्य नागरिकों को संविधान के भाग-3 में वर्णित मौलिक अधिकारों और मानव अधिकार संरक्षण अधिनियम 1993 के तहत मिले अधिकारों के प्रति जागरूक करना है।
उन्होंने जानकारी दी कि जल्द ही पूरे देश से सदस्यों को जोड़कर 51 सदस्यीय कार्यकारिणी समिति का गठन किया जाएगा। मंच के अन्य पदाधिकारियों में उपाध्यक्ष रेणुका तिवारी, महासचिव उमाशंकर सिंह, कोषाध्यक्ष विनोद जैन बेगवानी और सचिव अंकित अग्रवाल शामिल हैं।

गठन समारोह में झारखंड के 24 जिलों से 25 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इसमें पूर्वी सिंहभूम, गढ़वा, गिरिडीह, लोहरदगा, पलामू, सरायकेला-खरसावां, लातेहार और धनबाद से प्रतिनिधि मौजूद रहे।
यह मंच नागरिक अधिकारों पर चर्चा, संवाद और संरक्षण के लिए एक सशक्त मंच के रूप में काम करेगा। जल्द ही विभिन्न जिलों और राज्यों में इसका विस्तार किया जाएगा।