Johar Live Desk : आज की डिजिटल लाइफस्टाइल में मोबाइल फोन, लैपटॉप और टीवी हमारे रोज़मर्रा के जीवन का हिस्सा बन चुके हैं। बच्चे हों या बड़े, हर कोई घंटों स्क्रीन के सामने समय बिताता है। इसी वजह से ड्राई आइज यानी आंखों का सूखना एक आम समस्या बनती जा रही है, खासकर सर्दियों में इसके मामले और बढ़ जाते हैं। डॉक्टरों का कहना है कि लक्षणों को अनदेखा करने पर आगे चलकर गंभीर आंखों की दिक्कतें हो सकती हैं।
ड्राई आइज क्यों होती है?
एक्सपर्ट्स बताते हैं कि लंबे समय तक स्क्रीन देखने पर पलकें झपकने की रफ्तार कम हो जाती है। इससे आंसू आंखों की सतह पर बराबर नहीं फैलते और आंखें सूखने लगती हैं। लैक्रिमल ग्लैंड्स आंसू बनाती हैं, जो आंखों की सुरक्षा के लिए जरूरी हैं। लेकिन दिन में 5–6 घंटे तक स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वालों में इन फ्लूइड्स का प्रोडक्शन कम हो सकता है, जिससे ड्राई आइज की समस्या बढ़ती है।
मुख्य लक्षण
- आंखों में जलन या खुजली
- लालिमा
- धुंधला दिखना
- आंखों में भारीपन या जकड़न
- सूजन
- आंखों से पानी आना
डॉक्टर सलाह देते हैं कि इन लक्षणों को शुरुआत में ही पहचानकर सावधानी बरतना जरूरी है।

घरेलू उपचार
- गुनगुने पानी की सिकाई : मुलायम कपड़े को गुनगुने पानी में भिगोकर निचोड़ लें और आंखों पर कुछ मिनट के लिए रखें। यह जलन और लालिमा कम करने में मदद करता है।
- नारियल तेल : ऑर्गेनिक नारियल तेल में भिगोई कॉटन बॉल को 10–15 मिनट तक पलकों पर रखें। यह आंखों को मॉइस्चराइज करता है और सूजन कम करता है। ध्यान रखें, ज्यादा तेल का उपयोग न करें।
- एलोवेरा जेल : धोया हुआ एलोवेरा जेल आंखों के आसपास हल्के हाथों से लगाएं। 5 मिनट बाद गुनगुने पानी से साफ कर लें। इससे सूजन और redness कम होती है। जेल को आंखों के अंदर जाने से बचाएं।
- गुलाब जल : ऑर्गेनिक गुलाब जल में भिगोई कॉटन बॉल को 5 मिनट तक आंखों पर रखें। यह थकी हुई आंखों को आराम देता है और नमी प्रदान करता है। सोने से पहले यह तरीका अधिक असरदार है।
विशेषज्ञों का कहना है कि स्क्रीन टाइम कम करें, हर 20 मिनट में 20 सेकंड का ब्रेक लें और पलकें झपकाने की आदत बढ़ाएं। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से सलाह लेकर आर्टिफिशियल टियर्स या अन्य उपचार अपनाएं।
Disclaimer : यह जानकारी सामान्य जागरूकता के लिए है। किसी भी घरेलू नुस्खे या उपचार को अपनाने से पहले अपने चिकित्सक की सलाह अवश्य लें।
Also Read : SIR-BLO वाले बयान पर स्वास्थ्य मंत्री इरफ़ान अंसारी ने दिया स्पष्टिकरण

