Nalanda : बिहार के नालंदा जिले के रहुई प्रखंड के इमामगंज गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ। 60 साल पुराने मकान की जर्जर छत अचानक ढह गई, जिसके मलबे में दबकर 14 साल के किशोर आशीष कुमार और उनकी 80 साल की दादी फुलिया देवी की मौत हो गई। हादसे में आशीष का 12 साल का छोटा भाई निरंजन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए पावापुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मृतक आशीष के पिता धर्मवीर कुमार परिवार का खर्च चलाने के लिए केरल में मजदूरी करते हैं। घटना की खबर मिलने पर वह गांव लौट रहे हैं। मृतका की मां शोभा देवी ने बताया कि रात में बच्चे अपनी दादी के कमरे में पंखे की वजह से सोने गए थे। तभी छत गिर गई और सभी मलबे में दब गए। आसपास के लोगों की मदद से तीनों को बाहर निकाला गया और बिहार शरीफ मॉडल अस्पताल ले जाया गया। बाद में आशीष और उनकी दादी को पावापुरी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
परिवार ने सरकार से उचित मुआवजा और रोजगार की मांग की है। साथ ही बेहतर इलाज की व्यवस्था की गुहार लगाई है। रहुई थाना अध्यक्ष कुणाल कुमार ने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि मकान की छत पुरानी और जर्जर थी, और मंगलवार शाम हुई बारिश के बाद यह हादसा हुआ।
Also Read : तेजस्वी यादव ने साधा नीतीश सरकार पर निशाना, कहा- बेसुध और थके हारे CM…