Ranchi : 22 माह की मासूम बच्ची अदिति पाण्डेय के लापता होने का मामला अब लोकभवन तक पहुंच गया है। गुरुवार को अदिति के पिता मनीष पाण्डेय ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से लोक भवन में मुलाकात कर अपनी बेटी के लापता होने की दर्दभरी कहानी साझा की और उसे जल्द खोजने की गुहार लगाई।
मुलाकात के दौरान मनीष पाण्डेय ने राज्यपाल को बताया कि उनकी 22 माह की बेटी अदिति पाण्डेय काफी समय से लापता है। बच्ची के गायब होने के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे और चिंता में है। उन्होंने राज्यपाल से मामले में हस्तक्षेप कर बच्ची की जल्द बरामदगी सुनिश्चित कराने का आग्रह किया।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पिता की व्यथा को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना। उन्होंने बच्ची के लापता होने की घटना पर गहरी चिंता व्यक्त की और कहा कि यह बेहद दुखद एवं चिंताजनक मामला है। राज्यपाल ने भरोसा दिलाया कि प्रशासन को हरसंभव प्रयास कर बच्ची की तलाश करने के लिए कहा जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्यपाल ने तत्काल राज्य के मुख्य सचिव से फोन पर बातचीत की। उन्होंने मुख्य सचिव को निर्देश दिया कि अदिति पाण्डेय की खोजबीन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएं तथा मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। राज्यपाल ने बच्ची की सुरक्षित बरामदगी के लिए प्रशासनिक स्तर पर हर जरूरी कदम उठाने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में समय बेहद महत्वपूर्ण होता है और प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य करना चाहिए।
Also Read : वारदात से पहले रांची पुलिस ने दबोचे तीन बदमाश, पिस्टल, गोलियां और टांगी बरामद


