Deoghar : देश के दिग्गज उद्योगपति और गौतम अडानी रविवार को आध्यात्मिक यात्रा पर झारखंड पहुंचे। उन्होंने देवघर स्थित विश्वप्रसिद्ध बाबा बैद्यनाथ धाम में भगवान शिव के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
बाबा बैद्यनाथ धाम में किया जलाभिषेक
रविवार सुबह गौतम अडानी कड़ी सुरक्षा के बीच मंदिर परिसर पहुंचे। मंदिर पहुंचते ही तीर्थ पुरोहितों ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इसके बाद वे सीधे गर्भगृह में गए, जहां उन्होंने बाबा बैद्यनाथ का जलाभिषेक किया।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई पूजा
अडानी की पूजा पूरी तरह वैदिक रीति-रिवाज से कराई गई। मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने बाबा के सामने मत्था टेका और देश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।
सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम
अडानी की यात्रा को लेकर मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन पहले से अलर्ट था। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मंदिर परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रशासन की कोशिश रही कि आम श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और VIP दर्शन भी सुचारू रूप से हो जाएं। पूजा के दौरान मंदिर प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय पुलिस के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।

आध्यात्मिक यात्रा पर पहुंचे थे अडानी
सूत्रों के अनुसार, यह दौरा पूरी तरह निजी और आध्यात्मिक था। अडानी ने मंदिर में दर्शन के बाद कुछ समय ध्यान और प्रार्थना में भी बिताया। बाबा बैद्यनाथ धाम देश के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक माना जाता है, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में देश के बड़े उद्योगपति का यहां आना स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के लिए खास चर्चा का विषय बना रहा।
Also Read : जामताड़ा में भोरे-भोर युवक की गोली मार कर ह’त्या, चौक पर गया था नाश्ता करने


