Patna : पटना में इस साल गणेश चतुर्थी बड़े ही धूमधाम से मनाई जा रही है। मुंबई से लाई गई 6 फीट ऊंची भगवान गणेश की प्रतिमा की आज प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। यह प्रतिमा प्रसिद्ध लालबाग के राजा की प्रतिकृति है।
पूजा के लिए एक भव्य 40 फीट ऊंचा पंडाल तैयार किया गया है, जिसे ऑपरेशन सिंदूर थीम पर सजाया गया है। मुख्य मंडप में देश के जवानों की आकृति बनाई गई है। 10 टन फूलों से सजावट की जाएगी, जो बंगाल, बैंगलोर और मुंबई से मंगवाए गए हैं। भगवान गणेश को इस बार 35 लाख रुपये का हीरा-जड़ित सोने का मुकुट पहनाया जाएगा। इस मुकुट में 6 कैरेट का हीरा भी जड़ा है। मुकुट का वजन 350 ग्राम है और यह भी मुंबई से मंगवाया गया है। भगवान का श्रृंगार सोने, चांदी और स्टोन के गहनों से किया जाएगा।
पूजा के लिए विशेष रूप से महाराष्ट्र से पुजारी प्रशांत जागीरदार और पांच पंडितों की टीम पटना आई है। आज सुबह 10 बजे से प्राण प्रतिष्ठा शुरू होगी और 11:30 बजे से भक्त दर्शन कर सकेंगे। भगवान को 101 मोदक का भोग लगाया जाएगा। इस आयोजन में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और राज्यपाल को भी आमंत्रित किया गया है। 29 अगस्त को हल्दी-कुमकुम कार्यक्रम होगा और 31 अगस्त को सांस्कृतिक कार्यक्रम में महाराष्ट्र के भजन कलाकार प्रस्तुति देंगे।
2 सितंबर को शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें नासिक से आई 50 सदस्यीय झांझ पथक की टीम भाग लेगी। यह यात्रा महाराष्ट्र मंडल से शुरू होकर गांधी मैदान होते हुए कलेक्ट्रेट घाट पर विसर्जन के साथ समाप्त होगी।