Johar Live Desk : देश के कई राज्य भारी बारिश और बाढ़ की चपेट में हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, पंजाब, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। पीएम नरेंद्र मोदी शनिवार को बाढ़ प्रभावित राज्यों का दौरा करेंगे और स्थिति का जायजा लेंगे।
मिली जानकारी के अनुसार पीएम मोदी ने हाल ही में जापान और चीन की यात्रा से लौटने के बाद पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से फोन पर बात की थी। केंद्र सरकार बाढ़ प्रभावित राज्यों की मदद कर रही है और राहत व बचाव कार्यों में सहयोग प्रदान कर रही है।
पंजाब में 43 लोगों की मौत
पंजाब में बाढ़ से हालात गंभीर हैं। शुक्रवार तक बाढ़ से मरने वालों की संख्या 43 हो चुकी है, जबकि तीन लोग लापता हैं। अमृतसर, बरनाला, बठिंडा, होशियारपुर, पठानकोट समेत कई जिलों में लोगों की जान गई है। करीब 1900 गांव पानी में डूबे हैं और डेढ़ लाख हेक्टेयर फसल बर्बाद हो चुकी है। सेना और NDRF की टीमें राहत कार्य में जुटी हैं। दिल्ली के एम्स ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में डॉक्टरों और नर्सों की एक विशेष टीम भेजी है।

दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 2 मीटर ऊपर पहुंच गया है। यमुना का पानी दिल्ली सचिवालय और राहत शिविरों तक पहुंच चुका है। नदी के किनारे बसे इलाकों में हालात बेहद खराब हैं। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का काम जारी है, लेकिन प्रभावित लोग सरकार से और राहत की मांग कर रहे हैं।
गृह मंत्री ने लिया जम्मू का जायजा
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 1 सितंबर को जम्मू का दौरा किया। उन्होंने बाढ़ और भूस्खलन से प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और मंगू चक गांव में पीड़ितों से मुलाकात की। शाह ने तवी पुल, शिव मंदिर और बाढ़ से क्षतिग्रस्त घरों का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने एक उच्च-स्तरीय बैठक में स्थिति की समीक्षा की।
हिमाचल और उत्तराखंड में भी नुकसान
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी भारी बारिश और भूस्खलन ने भारी नुकसान पहुंचाया है। केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर राहत और बचाव कार्यों को तेज करने में जुटी हैं।
Also Read : UNGA में पीएम मोदी नहीं, विदेश मंत्री जयशंकर करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व