Sheohar : बिहार के शिवहर जिले में एक जर्जर दीवार के अचानक ढह जाने से पांच बच्चे मलबे में दब गए। सभी बच्चों की उम्र 5 से 6 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हादसे में दो बच्चों की हालत नाजुक है। घटना पिपराही थाना क्षेत्र के मेसोढा गांव से सामने आई है।
मिली जानकारी के अनुसार बच्चे बंदर देखने के लिए दीवार पर चढ़े थे, तभी दीवार की जर्जर हालत के कारण वह अचानक ढह गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यसमिति के सदस्य रामबाबू गुप्ता ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मलबे में दबे बच्चों को निकाला और उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में दीवार की जर्जर स्थिति को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। सदर अस्पताल में जख्मी बच्चों का इलाज चल रहा है, जहां चिकित्सकों ने दो बच्चों की हालत को नाजुक बताया है। परिजनों और ग्रामीणों ने बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है।
Also Read : बिहार गौरव उद्यान का CM ने किया शिलान्यास, डॉ. राजेंद्र प्रसाद की 65 फीट ऊंची प्रतिमा होगी आकर्षण का केंद्र