Saraikela-Kharsawan : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित पम्मी धर्मकांटा के पास हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आने से एक लॉजिस्टिक कंटेनर में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा कंटेनर धू-धू कर जल गया। हादसे में चालक गंभीर रूप से झुलस गया, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।


