Ranchi : राज्यसभा चुनाव की तारीखों का एलान होते ही झारखंड की राजनीति गरमा गई है। चुनाव आयोग की घोषणा के बाद अब सभी दल अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं। झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव होना है, ऐसे में गठबंधन के भीतर सीट शेयरिंग को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। इसी बीच कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा के पूर्व सदस्य प्रदीप बलमुचू ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा कि झामुमो को अब बिना देरी किए सीट बंटवारे का एलान कर देना चाहिए।
“कांग्रेस का एक सीट पर स्वाभाविक दावा”
प्रदीप बलमुचू ने कहा कि दो सीटों में से एक सीट कांग्रेस को मिलनी चाहिए। उनका कहना है कि गठबंधन में कांग्रेस की भूमिका और राज्यसभा में पार्टी की जरूरत को देखते हुए यह उसका स्वाभाविक अधिकार बनता है। उन्होंने कहा कि अब “किंतु-परंतु” की राजनीति नहीं होनी चाहिए। अगर सीट शेयरिंग में ज्यादा देर होती है तो राजनीतिक गलियारों में अलग-अलग तरह की बातें शुरू हो जाएंगी।
“देरी हुई तो गलत संदेश जाएगा”
बलमुचू ने साफ तौर पर कहा कि अगर झामुमो सीट बंटवारे पर फैसला लेने में देरी करता है तो लोग यह सोचने को मजबूर होंगे कि आखिर मामला क्या है। उन्होंने कहा कि इससे गठबंधन के अंदर सबकुछ ठीक नहीं होने का संदेश जा सकता है। उनका कहना था कि गठबंधन को मजबूत बनाए रखने के लिए जरूरी है कि झामुमो आगे बढ़कर जल्द फैसला ले।
झामुमो के नेतृत्व की भी दिलाई याद
प्रदीप बलमुचू ने यह भी कहा कि झारखंड में गठबंधन का नेतृत्व JMM कर रहा है, इसलिए बड़ी पार्टी होने के नाते उसे सहयोगी दलों की चिंता भी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्यसभा में कांग्रेस को मजबूत करना पूरे गठबंधन के हित में है। ऐसे में झामुमो को सकारात्मक सोच के साथ कांग्रेस के पक्ष में फैसला लेना चाहिए।
Also Read : सुमित हत्याकांड में कोर्ट का बड़ा फैसला, दो दोषियों को उम्रकैद


