Jamshedpur : जमशेदपुर के लोकप्रिय और अनुभवी चिकित्सक, जनता के डॉक्टर के रूप में मशहूर डॉ. नागेंद्र सिंह का निधन हो गया। पिछले कुछ दिनों से उन्हें सांस लेने में गंभीर दिक्कत थी और न्यूमोनिया की बात सामने आई थी। हालत बिगड़ने पर उन्हें दिल्ली के अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से शहर में शोक की लहर दौड़ गई।
15 हजार से अधिक मरीजों को निश्शुल्क इलाज की सुविधा
डॉ. नागेंद्र सिंह को समाज सेवा और मानवीय दृष्टिकोण के लिए जाना जाता था। अपने करियर में उन्होंने 15 हजार से अधिक मरीजों का निश्शुल्क इलाज किया। वे झारखंड की आदिवासी सबर समुदाय के पांच गांवों को गोद लेकर वहां के लोगों की स्वास्थ्य जरूरतों का खुद ध्यान रखते थे। जरूरत पड़ने पर वे मरीजों को दवा उपलब्ध कराते और उन्हें घर तक छोड़ने की व्यवस्था भी करते थे। उनकी इसी सेवा भावना को देखते हुए झारखंड सरकार ने दो बार उनका नाम पद्मश्री के लिए केंद्र सरकार को भेजा।
गंगा देवी स्मृति शिविर में गरीबों को मिलता था मुफ्त इलाज
वे अपनी मां गंगा देवी की स्मृति में हर साल स्वास्थ्य शिविर आयोजित करते थे। इन शिविरों में गरीब मरीजों को नि:शुल्क सर्जिकल और अन्य चिकित्सा सेवाएं दी जाती थीं। इस पहल ने वर्षों तक हजारों जरूरतमंदों को राहत पहुंचाई और आज भी समाज में प्रेरणा का स्रोत मानी जाती है।

परिवार में भी चिकित्सा क्षेत्र में हैं सदस्य
डॉ. नागेंद्र सिंह अपने पीछे पत्नी, एक पुत्री और एक पुत्र को छोड़ गए हैं। उनकी पुत्री स्वयं डॉक्टर हैं और उनका पुत्र एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। हाल ही में उनकी बेटी का विवाह एमजीएम मेडिकल कालेज के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. एसी अखौरी के पुत्र से हुआ था।
आइएमए ने जताया गहरा शोक
उनके निधन पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आइएमए), जमशेदपुर ने गहरी संवेदना व्यक्त की। आइएमए अध्यक्ष डॉ. जीसी माझी, सचिव डॉ. सौरभ चौधरी और कई वरिष्ठ चिकित्सकों ने कहा कि डॉ. नागेंद्र सिंह का जाना चिकित्सा जगत की बड़ी क्षति है।
समाज में हमेशा याद रखी जाएगी उनकी सेवा
डॉ. नागेंद्र सिंह का निधन सिर्फ चिकित्सा जगत के लिए नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए दुखद है। उनकी निस्वार्थ सेवा, करुणा और समर्पण ने अनगिनत जीवनों को छुआ। वे हमेशा एक ऐसे चिकित्सक के रूप में याद किए जाएंगे, जिन्होंने पेशे से पहले मानवता को प्राथमिकता दी।
Also Read : पटना के कदमकुंआ में बाइक सवारों ने की गो’लीबारी, पुलिस जांच में जुटी

