Ranchi : प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने झारखंड, बंगाल और महाराष्ट्र में एक दर्जन ठिकानों पर एक साथ रेड मारी है। झारखंड की राजधानी रांची समेत इन ठिकानों पर GST फ्रॉड मामले में छापेमारी की जा रही है। ED टीम रांची के पीपी कंपाउंड स्थित कृष्ण अपार्टमेंट के चौथे तल पर एक कारोबारी के ठिकाने पर पहुंची। साथ ही जमशेदपुर में भी कई जगहों पर रेड डाली गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ED झारखंड के साथ-साथ कोलकाता और मुंबई में भी GST और हवाला मामले में तलाशी अभियान चला रही है। इस मामले में पहले भी रांची और जमशेदपुर से कई कारोबारियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
यह जांच धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 के तहत की जा रही है। जांच फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) धोखाधड़ी से जुड़ी है, जिसमें फर्जी कंपनियों और अवैध वित्तीय चैनलों का इस्तेमाल किया गया था।
यह पूरी जांच शिव कुमार देवड़ा की गिरफ्तारी के बाद शुरू हुई थी, जिन्हें इस घोटाले का मुख्य सरगना माना जाता है। मई 2025 में उनकी गिरफ्तारी हुई थी और हाल ही में उनके खिलाफ आरोप पत्र भी दायर किया गया है।
ED की ये बड़ी कार्रवाई GST घोटाले के मामले में अब तक की सबसे महत्वपूर्ण जांच मानी जा रही है। आगे भी जांच जारी रहने की उम्मीद है।
Also Read : चीन दौरे पर जा सकते हैं PM मोदी