Johar Live Desk : अफगानिस्तान के पूर्वी हिस्से में बीती देर रात आए भूकंप ने कई जिलों में भारी तबाही मचाई है। पाकिस्तान सीमा के पास कुनार और नंगरहार प्रांत में भूकंप की तीव्रता 6.0 दर्ज की गई, जिससे अब तक 622 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 1300 से ज्यादा लोग जख्मी हुए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है, और मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
सबसे ज्यादा नुकसान कुनार में
तालिबान सरकार के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता अब्दुल मतीन कानी ने बताया कि कुनार प्रांत में 610 लोगों की मौत हुई है और 1300 लोग जख्मी हुए हैं। वहीं, नंगरहार में एक दर्जन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है और सैकड़ों जख्मी बताए जा रहे हैं। भूकंप के कारण कई मकान और इमारतें ढह गईं हैं।
कहां था भूकंप का केंद्र :
अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार भूकंप रविवार रात 11:47 बजे आया। इसका केंद्र नंगरहार प्रांत के जलालाबाद शहर से 27 किलोमीटर पूर्व-उत्तर-पूर्व में था और यह महज 8 किलोमीटर की गहराई में था। कम गहराई में आए भूकंप अक्सर ज्यादा तबाही मचाते हैं।
कई गांव पूरी तरह तबाह
कुनार आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार नूर गुल, सोकी, वातपुर, मनोगी और चापादारे जिलों में अब तक 250 लोगों की मौत और 500 से अधिक घायल होने की सूचना है। जन स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने कहा कि बचाव कार्य अभी जारी है और आंकड़ों में आगे भी बदलाव हो सकते हैं, क्योंकि कुछ गांवों से अब तक जानकारी नहीं मिल पाई है।
जलालाबाद शहर भी प्रभावित
भूकंप का असर व्यस्त व्यापारिक शहर जलालाबाद में भी देखने को मिला। यह शहर पाकिस्तान सीमा के पास स्थित है और इसकी आबादी करीब 3 लाख है। यहां की अधिकांश इमारतें कम ऊंचाई की हैं, जो कंक्रीट, ईंट, मिट्टी और लकड़ी से बनी हैं। विशेषज्ञों के अनुसार, कई मकानों की संरचना कमजोर है, जिस कारण भूकंप से ज्यादा नुकसान हुआ है।
पिछली बड़ी आपदा का भी जिक्र
गौरतलब है कि 7 अक्टूबर 2023 को भी अफगानिस्तान में 6.3 तीव्रता का भूकंप आया था। उस दौरान तालिबान सरकार ने करीब 4,000 लोगों की मौत की बात कही थी, जबकि संयुक्त राष्ट्र ने यह आंकड़ा 1,500 बताया था।
बचाव कार्य जारी
घटनास्थल पर काबुल, नंगरहार और कुनार से चिकित्सा दल पहुंच चुके हैं। मलबे में फंसे लोगों को निकालने और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम तेजी से किया जा रहा है। तालिबान सरकार ने अंतरराष्ट्रीय सहायता की अपील की है।
Also Read : लातेहार में अब दिखेगा शांति और विकास, एक साथ JJMP के 9 उग्रवादियों ने किया आत्मसमर्पण